KNEWS DESK – बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान सोमवार रात महाराष्ट्र के मंत्री आशीष शेलार के घर गणेश चतुर्थी उत्सव में शामिल हुए। हर बार की तरह इस बार भी सलमान ने पूरे श्रद्धाभाव और सादगी से बप्पा का आशीर्वाद लिया। नंगे पांव पहुंचकर हाथ जोड़कर की गई उनकी प्रार्थना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सलमान की सादगी देख फैंस हुए प्रभावित
वायरल वीडियो में सलमान पहले भगवान गणेश के सामने हाथ जोड़कर सिर झुकाते नजर आते हैं। इसके बाद वह पंडित से तिलक लगवाते हैं और प्रसाद ग्रहण करते हैं। कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच सलमान की ये विनम्रता देखकर फैंस उनकी जमकर तारीफ कर रहे हैं।
खान फैमिली और गणेश उत्सव का खास रिश्ता
यह सभी जानते हैं कि खान फैमिली गणेश उत्सव बड़े धूमधाम से मनाती है। हर साल घर में बप्पा की स्थापना होती है और फिर ढोल-नगाड़ों के बीच उनका विसर्जन किया जाता है। हाल ही में सलमान अपने परिवार और करीबी दोस्तों—अर्पिता खान शर्मा, सोनाक्षी सिन्हा, आयुष शर्मा और ज़हीर इकबाल—के साथ गणपति विसर्जन में भी शामिल हुए थे। उस दौरान उनके डांस और उत्साह ने भी फैंस का दिल जीत लिया था।
सलमान की पब्लिक अपीयरेंस अब Z+ सिक्योरिटी के साथ होती है। चाहे निजी समारोह हों या बड़े इवेंट्स, उनके चारों तरफ हमेशा सख्त सुरक्षा घेरा नजर आता है। इसके बावजूद सलमान की सादगी और भक्ति की झलक गणेश उत्सव के मौके पर फैंस को खूब पसंद आई।
‘बैटल ऑफ गलवान’ में व्यस्त
वर्कफ्रंट की बात करें तो सलमान इन दिनों अपनी अपकमिंग एक्शन फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ में बिजी हैं। अपूर्व लाखिया के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में उनके साथ चित्रांगदा सिंह भी नजर आएंगी। फिल्म में भाईजान का दमदार एक्शन अवतार देखने को मिलेगा। इसके अलावा सलमान इन दिनों बिग बॉस 19 के वीकेंड का वार एपिसोड्स भी होस्ट कर रहे हैं।