सलमान खान के पिता सलीम खान की सेहत में सुधार, इस हफ्ते मिल सकती है अस्पताल से छुट्टी

KNEWS DESK – बॉलीवुड के दिग्गज फिल्म लेखक और सुपरस्टार सलमान खान के पिता सलीम खान पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे हैं और फिलहाल मुंबई के लीलावती अस्पताल में उनका इलाज जारी है। हालांकि ताजा जानकारी के मुताबिक उनकी तबीयत में अब पहले से काफी सुधार देखा जा रहा है और उम्मीद जताई जा रही है कि उन्हें जल्द ही अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार 17 फरवरी की सुबह करीब 7 से 8 बजे के बीच सलीम खान की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। स्थिति को देखते हुए उनके फैमिली डॉक्टर ने तुरंत उन्हें मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराने की सलाह दी। अस्पताल में भर्ती होने के बाद डॉक्टरों ने जांच के दौरान बताया था कि उन्हें ब्रेन हेमरेज और क्लॉटिंग की समस्या हुई थी, जिसकी वजह से उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई थी।

इस खबर के सामने आते ही सलमान खान और उनका पूरा परिवार अस्पताल पहुंच गया था। इतना ही नहीं, सलमान खान ने अपने पिता की तबीयत को देखते हुए अपनी आगामी फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ की शूटिंग भी कुछ समय के लिए रोक दी थी ताकि वह परिवार के साथ रह सकें।

फिलहाल सलीम खान का इलाज लीलावती अस्पताल के वरिष्ठ डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी सेहत में लगातार सुधार हो रहा है, हालांकि एहतियात के तौर पर उन्हें अभी आईसीयू में रखा गया है।

सलीम खान के अस्पताल में भर्ती होने की खबर मिलते ही बॉलीवुड के कई बड़े सितारे उनसे मिलने अस्पताल पहुंचे थे। आमिर खान, शाहरुख खान, शिल्पा शेट्टी, संजय दत्त और जावेद अख्तर समेत कई फिल्मी हस्तियों ने अस्पताल जाकर उनका हालचाल जाना और परिवार का हौसला बढ़ाया।

आपको बता दें कि सलीम खान बॉलीवुड के सबसे प्रतिष्ठित लेखकों में गिने जाते हैं। उन्होंने जावेद अख्तर के साथ मिलकर कई यादगार फिल्मों की कहानियां लिखीं, जिनमें ‘शोले’, ‘दीवार’, ‘जंजीर’, ‘सीता और गीता’ और ‘मिस्टर इंडिया’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में शामिल हैं। उनकी लिखी इन फिल्मों ने हिंदी सिनेमा को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *