वेंटिलेटर सपोर्ट पर सलीम खान! फैंस कर रहे जल्दी ठीक होने की दुआ

KNEWS DESK- हिंदी सिनेमा के मशहूर स्क्रीनराइटर सलीम खान की तबीयत को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। न्यूज 18 की रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार सुबह उनका ब्लड प्रेशर अचानक बढ़ गया, जिससे उनके दिमाग के दाहिने हिस्से में इंटरनल ब्लीडिंग हो गई। डॉक्टरों के मुताबिक यह परेशानी नस फटने की वजह से हुई। फिलहाल उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है और बुधवार सुबह उनकी सर्जरी की तैयारी की जा रही है।

सलीम खान को मंगलवार सुबह मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शाम को अस्पताल ने एक हेल्थ बुलेटिन जारी किया, जिसमें कहा गया कि उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर है, लेकिन उन्हें डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। बयान में कहा गया “उनका इलाज विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम कर रही है और लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।”

अस्पताल में भर्ती होने की खबर मिलते ही उनका परिवार उनके पास पहुंच गया। उनके बेटे सलमान खान, दोनों पत्नियां सलमा और हेलेन, और अन्य बच्चे अरबाज खान, अलवीरा खान और अर्पिता खान अस्पताल पहुंचे। पोते निर्वाण और अरहान भी दादा से मिलने आए। परिवार के चेहरों पर चिंता स्पष्ट दिखाई दे रही थी और वे डॉक्टरों से लगातार जानकारी ले रहे थे।

सोशल मीडिया पर भी फैंस लगातार सलीम खान के जल्द ठीक होने की दुआ कर रहे हैं। 90 की उम्र में भी सलीम खान हिंदी सिनेमा के सबसे प्रभावशाली लेखकों में गिने जाते हैं।

सलीम खान ने अपने करियर में कई यादगार कहानियां दी हैं, जिन्होंने हिंदी फिल्मों की दिशा बदलने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने जावेद अख्तर के साथ मिलकर 1970 के दशक में कई ऐतिहासिक फिल्में लिखीं, जो आज भी भारतीय सिनेमा के क्लासिक्स में गिनी जाती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *