रोहित शेट्टी धमकी मामला: IMPPA ने CM फडणवीस को लिखा पत्र, इंडस्ट्री की सुरक्षा पर सख्त कदम की मांग

KNEWS DESK – बॉलीवुड इंडस्ट्री इन दिनों लगातार मिल रही धमकियों की वजह से दहशत में है। बड़े सितारों को टारगेट कर किए जा रहे कॉल, वॉयस नोट और फायरिंग की घटनाओं ने फिल्म जगत की चिंता बढ़ा दी है। हाल ही में एक्टर रणवीर सिंह और फिल्ममेकर रोहित शेट्टी को दोबारा धमकी भरे वॉयस नोट मिलने के बाद सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है।

बताया जा रहा है कि धमकी में उनके स्टाफ को नुकसान पहुंचाने की बात कही गई, जिसके बाद मामला और गंभीर हो गया। इससे पहले भी कई सितारों को धमकियां मिल चुकी हैं, जिससे पूरी इंडस्ट्री में असुरक्षा का माहौल बन गया है।

IMPPA ने उठाई आवाज

इन घटनाओं के बाद Indian Motion Picture Producers Association (IMPPA) ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री Devendra Fadnavis को पत्र लिखकर सख्त कदम उठाने की मांग की है। एसोसिएशन ने अपने पत्र में कहा है कि फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है, क्योंकि हालिया घटनाओं ने सभी को डरा दिया है।

पत्र में खास तौर पर रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग की घटना का जिक्र करते हुए इसे बेहद गंभीर बताया गया है। IMPPA ने मांग की है कि इस मामले की पारदर्शी और तेज जांच हो और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।

इंडस्ट्री की सुरक्षा पर जोर

एसोसिएशन ने यह भी कहा कि रोहित शेट्टी न केवल सफल फिल्ममेकर हैं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रहते हैं। ऐसे में उनके घर के बाहर फायरिंग की घटना पूरे सिनेमा जगत के लिए चिंता का विषय है।

IMPPA ने राज्य सरकार से अपील की है कि रोहित शेट्टी, उनके परिवार और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े सभी कलाकारों व टेक्नीशियनों की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *