KNEWS DESK – मशहूर रैपर और सिंगर रफ्तार, जिनका असली नाम दिलिन नायर है, ने अपनी पहली पत्नी कोमल वोहरा से तलाक लेने के पांच साल बाद एक बार फिर शादी के बंधन में बंध गए हैं। उन्होंने फैशन स्टाइलिस्ट मनराज जवंदा के साथ शादी रचाई है। सोशल मीडिया पर उनकी शादी की तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं, हालांकि अब तक रफ्तार या मनराज की ओर से आधिकारिक रूप से कोई तस्वीर साझा नहीं की गई है।
पारंपरिक रीति-रिवाजों से हुई शादी
रफ्तार और मनराज की शादी की कुछ अनदेखी तस्वीरें इंटरनेट पर सनसनी मचा रही हैं। फैंस इन तस्वीरों को शेयर कर कपल को बधाइयां दे रहे हैं। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि ये तस्वीरें आधिकारिक रूप से जारी की गई हैं या किसी करीबी द्वारा लीक हुई हैं। इससे पहले, उनकी शादी का इनविटेशन कार्ड भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें दोनों के नाम दर्ज थे।
सूत्रों के मुताबिक, रफ्तार और मनराज ने 31 जनवरी को परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में शादी की। यह शादी दक्षिण भारतीय परंपराओं के अनुसार हुई, जिसमें रफ्तार ने मनराज को मंगलसूत्र पहनाया। दोनों पारंपरिक शादी के जोड़े में बेहद खूबसूरत नजर आए।
फैंस कर रहे हैं रफ्तार की पोस्ट का इंतजार
रफ्तार के फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं कि वह खुद अपनी शादी की तस्वीरें शेयर करें। फैंस उनकी अचानक शादी को लेकर हैरान भी हैं, लेकिन सोशल मीडिया पर उन्हें ढेरों बधाइयां मिल रही हैं।