KNEWS DESK – बॉलीवुड स्टार रणवीर सिंह की बहुप्रतीक्षित फिल्म धुरंधर 2 की रिलीज को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म रिलीज के बेहद करीब है और इसी बीच 17 मार्च को ‘धुरंधर’ के म्यूजिक एल्बम लॉन्च इवेंट ने माहौल को और भी गर्म कर दिया। इस इवेंट में रणवीर सिंह के साथ सारा अर्जुन भी नजर आईं, जिनका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
स्टेज पर रणवीर का अलग अंदाज
इवेंट के दौरान रणवीर सिंह का एनर्जी से भरपूर अंदाज देखने को मिला। स्टेज पर आते ही उन्होंने फैंस से बातचीत शुरू की और ‘धुरंधर’ के पहले पार्ट के फेवरेट गानों के बारे में पूछा। फैंस ने जोर-जोर से अपने पसंदीदा गानों के नाम चिल्लाकर बताए, जिस पर रणवीर ने मुस्कुराते हुए कहा कि यही इस फिल्म के म्यूजिक की खासियत है कि हर किसी का अलग फेवरेट गाना है।
‘द रिवेंज’ को लेकर बढ़ी एक्साइटमेंट
रणवीर सिंह ने इवेंट के दौरान ऐलान किया कि ‘धुरंधर: द रिवेंज’ जल्द ही रिलीज होने जा रही है और इसका इंतजार सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि दुनियाभर के दर्शक कर रहे हैं। उन्होंने पहले पार्ट को मिले शानदार रिस्पॉन्स के लिए फैंस का आभार भी जताया।
गौरतलब है कि ‘धुरंधर 2’ 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म को लेकर एडवांस बुकिंग के आंकड़े भी काफी दमदार बताए जा रहे हैं, जिससे उम्मीद जताई जा रही है कि यह ओपनिंग डे पर बड़ा रिकॉर्ड बना सकती है।