कानूनी संकट में फंसे राजपाल यादव को मिला इंडस्ट्री का सहारा, पत्नी राधा ने जताया आभार

KNEWS DESK- बॉलीवुड के मशहूर कॉेडियन राजपाल यादव इन दिनों अपनी फिल्मों नहीं, बल्कि कानूनी और आर्थिक मुश्किलों को लेकर चर्चा में हैं। 5 फरवरी 2026 को उन्होंने करीब 9 करोड़ रुपये के चेक-बाउंस मामले में तिहाड़ जेल में आत्मसमर्पण किया, जिसके बाद फिल्म इंडस्ट्री में हलचल मच गई।

राजपाल यादव, जिन्होंने अपने कॉमिक अंदाज से दर्शकों को वर्षों तक हंसाया, पिछले कुछ समय से आर्थिक संकट से जूझ रहे थे। अदालत में पेशी से पहले उन्होंने स्वीकार किया था कि वे आर्थिक तंगी का सामना कर रहे हैं और उनके पास कानूनी प्रक्रिया का सामना करने के लिए पर्याप्त संसाधन नहीं हैं।

इस कठिन समय में फिल्म इंडस्ट्री का उनके प्रति समर्थन चर्चा का विषय बना हुआ है। कई कलाकार और निर्माता खुलकर उनके साथ खड़े दिखाई दे रहे हैं। अभिनेता सोनू सूद ने आगे बढ़कर उन्हें एक फिल्म में काम देने और एडवांस साइनिंग अमाउंट देने की पेशकश की, ताकि वे अपने कानूनी मामलों से जुड़ी कुछ आर्थिक राहत पा सकें।

राजपाल यादव की पत्नी राधा यादव ने मीडिया से बातचीत में इंडस्ट्री के समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल दौर में जो प्यार और सहयोग मिला है, उसने परिवार को मानसिक रूप से मजबूत किया है। राधा ने बताया कि कई बड़े नामों ने सिर्फ शब्दों से नहीं, बल्कि आर्थिक मदद की पेशकश कर भी अपना साथ जताया है

फिलहाल राजपाल यादव की कानूनी प्रक्रिया जारी है। उनके प्रशंसक और इंडस्ट्री के साथी कलाकार उम्मीद जता रहे हैं कि वे जल्द ही इस संकट से उबरकर फिर से बड़े पर्दे पर अपनी कॉमिक टाइमिंग से दर्शकों को गुदगुदाते नजर आएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *