KNEWS DESK – देसी गर्ल प्रियंका चोपड़ा इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘वाराणसी’ को लेकर सुर्खियों में हैं। इस फिल्म के जरिए वह पहली बार निर्देशक एसएस राजामौली और सुपरस्टार महेश बाबू के साथ काम कर रही हैं। बड़े बजट की इस फिल्म को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह है। महेश बाबू और प्रियंका की जोड़ी को पहली बार स्क्रीन पर देखने के लिए दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
इसी बीच प्रियंका चोपड़ा ने एक इंटरव्यू में अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर खुलकर बात की और शादी से जुड़े ट्रोल्स को करारा जवाब दिया।
शादी पर उठे थे सवाल
वैराइटी इंडिया से बातचीत में प्रियंका ने बताया कि जब उन्होंने हॉलीवुड सिंगर-एक्टर निक जोनस से शादी की, तो कई लोगों को इस रिश्ते पर भरोसा नहीं था। कुछ लोगों ने उनकी शादी को लेकर आपत्ति भी जताई थी।
https://www.instagram.com/p/DTcM0T0if5t/
प्रियंका ने कहा कि उनकी शादी को अब आठ साल हो चुके हैं। अगर आज भी कोई इस रिश्ते के टूटने का इंतजार कर रहा है, तो वह उनकी सोच है। उन्होंने साफ कहा कि अब उन्हें इन बातों से कोई फर्क नहीं पड़ता।
ट्रोलिंग पर दिया जवाब
प्रियंका ने माना कि शुरुआत में उन्हें इन टिप्पणियों से दुख होता था। अलग देशों, अलग संस्कृतियों और अलग धर्म से होने की वजह से लोगों ने उनके रिश्ते पर सवाल उठाए। साथ ही उम्र के अंतर को लेकर भी उन्हें काफी ट्रोल किया गया।
हालांकि, प्रियंका का कहना है कि अब उन्होंने इन बातों पर ध्यान देना छोड़ दिया है। वह और निक अपनी दुनिया में खुश हैं और बाहरी शोर से खुद को दूर रखना सीख चुके हैं।
निक जोनस की तारीफ
इंटरव्यू में प्रियंका ने अपने पति निक जोनस की जमकर तारीफ की। उन्होंने बताया कि दोनों ने मुलाकात के सिर्फ छह महीने बाद शादी करने का फैसला कर लिया था। उस समय उन्हें खुद भी यकीन नहीं हो रहा था कि सब कुछ इतनी जल्दी हो रहा है।
प्रियंका ने कहा कि निक की सच्चाई और ईमानदारी उन्हें हर दिन प्रेरित करती है। उन्होंने अपनी शादी को “खूबसूरत पागलपन” बताया।
8 साल का मजबूत रिश्ता
प्रियंका और निक ने साल 2018 में शादी की थी। दोनों के बीच करीब 10 साल का उम्र का अंतर है, जिसे लेकर काफी चर्चा हुई थी। बावजूद इसके, दोनों ने अपने रिश्ते को मजबूती से निभाया है। इस कपल की एक बेटी भी है, मालती मैरी चोपड़ा जोनस, जिसका जन्म 2022 में हुआ था।