13 साल की उम्र में पिता को खोया, फिर 34 अनाथों की बनी सहारा, जानिए प्रीति जिंटा की संघर्ष और सफलता की कहानी

KNEWS DESK – बॉलीवुड में कामयाबी का सफर हर स्टार के लिए अलग होता है। जहां कुछ कलाकार स्टार किड होने के कारण इंडस्ट्री में आसानी से एंट्री कर लेते हैं, वहीं कई ऐसे भी होते हैं जिन्हें बिना किसी गॉडफादर के कड़ा संघर्ष करना पड़ता है। लेकिन कुछ चेहरे ऐसे भी हैं, जिनकी किस्मत, मेहनत और टैलेंट ने उन्हें बिना प्लानिंग सीधे शोहरत की ऊंचाइयों तक पहुंचा दिया। प्रीति जिंटा भी उन्हीं चुनिंदा एक्ट्रेसेस में शामिल हैं, जिन्होंने बिना फिल्मी बैकग्राउंड के बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बनाई।

आज, 31 जनवरी, को ‘डिंपल क्वीन’ प्रीति जिंटा अपना 51वां जन्मदिन मना रही हैं। इस खास मौके पर जानते हैं उनकी ज़िंदगी, करियर, संघर्ष और सफलता से जुड़ी कुछ दिलचस्प बातें।

आर्मी फैमिली में हुआ जन्म

प्रीति जिंटा का जन्म 31 जनवरी 1975 को शिमला के एक राजपूत परिवार में हुआ था। उनके पिता दुर्गानंद जिंटा भारतीय सेना में अधिकारी थे, जबकि मां नीलप्रभा गृहिणी थीं। महज 13 साल की उम्र में एक सड़क हादसे में पिता का निधन हो गया, वहीं उनकी मां भी गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। इस घटना ने प्रीति की जिंदगी को पूरी तरह बदल दिया और उन्होंने कम उम्र में ही जिम्मेदारियां संभालनी सीख लीं।

पढ़ाई में थीं टॉपर

प्रीति जिंटा पढ़ाई में हमेशा अव्वल रहीं। उन्होंने शिमला से स्कूली शिक्षा पूरी की और फिर इंग्लिश ऑनर्स में ग्रेजुएशन किया। इसके बाद उन्होंने क्रिमिनल साइकोलॉजी में पोस्ट ग्रेजुएशन भी किया। परिवार चाहता था कि वह इंडियन फॉरेस्ट सर्विस जॉइन करें, लेकिन परिस्थितियों के चलते उनकी राह कुछ और ही दिशा में मुड़ गई।

प्रीति ने अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग से की। उनकी पहली कमाई महज 50 रुपये थी, जिसे उन्होंने साइन कर अपनी दोस्त को गिफ्ट कर दिया था। साल 1996 में एक पार्टी के दौरान एक डायरेक्टर की नजर उन पर पड़ी और उन्हें एक चॉकलेट ऐड का ऑफर मिला। यहीं से उनके मॉडलिंग करियर को रफ्तार मिली और उन्होंने कई विज्ञापनों में काम किया।

एक सिक्के ने बदल दी किस्मत

साल 1997 में प्रीति एक दोस्त के साथ ऑडिशन देने पहुंचीं, जहां फिल्ममेकर शेखर कपूर ने उन्हें अपनी फिल्म ऑफर की। बाद में यही रोल नहीं हो पाया, लेकिन शेखर कपूर ने प्रीति का नाम मणि रत्नम को सजेस्ट किया। मणि रत्नम को प्रीति पसंद आईं और उन्होंने उन्हें अपनी फिल्म ‘दिल से..’ में कास्ट कर लिया।

प्रीति जिंटा ने साल 1998 में शाहरुख खान और मनीषा कोइराला स्टारर फिल्म ‘दिल से..’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया। इसी साल उनकी तेलुगु फिल्म ‘प्रेमांते इदेरा’ भी रिलीज हुई। इसके बाद प्रीति ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और अपनी चुलबुली मुस्कान, दमदार एक्टिंग और बेबाक अंदाज से दर्शकों का दिल जीत लिया।

हिट फिल्मों की लंबी लिस्ट

प्रीति जिंटा ने ‘क्या कहना’, ‘कल हो ना हो’, ‘सोल्जर’, ‘कोई मिल गया’, ‘वीर-जारा’ जैसी कई सुपरहिट फिल्मों में काम किया। उन्होंने हर तरह के किरदार निभाकर खुद को एक वर्सेटाइल एक्ट्रेस साबित किया। साल 2008 के बाद उन्होंने फिल्मों से दूरी बना ली। आखिरी बार वह ‘भैयाजी सुपरहिट’ में नजर आई थीं।

साल 2009 में अपने 34वें जन्मदिन पर प्रीति जिंटा ने एक अनोखा फैसला लिया। उन्होंने ऋषिकेश के एक अनाथालय की 34 बच्चियों को गोद लिया और उनकी पढ़ाई व परवरिश की जिम्मेदारी उठाई। वह साल में दो बार उनसे मिलने भी जाती हैं।

पर्सनल लाइफ और शादी

प्रीति का नाम कई सेलेब्स के साथ जुड़ा, लेकिन साल 2016 में उन्होंने अमेरिकी बिजनेसमैन जीन गुडइनफ से शादी की और लॉस एंजिल्स शिफ्ट हो गईं। 18 नवंबर 2021 को उन्होंने सरोगेसी के जरिए जुड़वां बच्चों—जय और जिया—का स्वागत किया।

प्रीति जिंटा सिर्फ एक्ट्रेस ही नहीं, बल्कि एक सफल बिजनेसवुमन भी हैं। वह IPL टीम पंजाब किंग्स की को-ओनर हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी कुल नेट वर्थ करीब 183 करोड़ रुपये है। मुंबई और शिमला में उनके करोड़ों के घर हैं और लग्जरी कारों का शानदार कलेक्शन भी।

बड़े पर्दे पर कमबैक

लंबे ब्रेक के बाद प्रीति जिंटा फिल्म ‘लाहौर 1947’ से बड़े पर्दे पर वापसी कर रही हैं। इस फिल्म का निर्देशन राजकुमार संतोषी कर रहे हैं और इसे आमिर खान प्रोड्यूस कर रहे हैं। फिल्म में सनी देओल, शिल्पा शेट्टी, अली फजल और शबाना आजमी भी नजर आएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *