KNEWS DESK- बॉलीवुड के मशहूर कपूर खानदान की विरासत में शामिल कपूर हवेली की हालत चिंता का विषय बन गई है। पेशावर में स्थित इस ऐतिहासिक हवेली को हाल ही में पाकिस्तान में आए भीषण भूकंप और लगातार हो रही तेज बारिश से गंभीर नुकसान पहुंचा है। शुक्रवार रात आए भूकंप के झटकों के कारण हवेली का एक हिस्सा ढह गया और इसके संरक्षित ढांचे की सुरक्षा को लेकर अधिकारी चिंतित हैं।
कपूर हवेली का ऐतिहासिक महत्व बड़ा है। इसे साल 1918 से 1922 के बीच राज कपूर के दादा देवान बशेश्वरनाथ कपूर ने बनवाया था। यह वह जगह है जहां पृथ्वीराज कपूर ने अपने जीवन का काफी हिस्सा बिताया और राज कपूर तथा उनके अंकल त्रिलोक कपूर का जन्म भी यहीं हुआ। हवेली में कुल 40 कमरे हैं और बनते समय यह पेशावर में आकर्षण का केंद्र रही।
हालांकि, 1947 के बाद से यह हवेली सूनी पड़ गई और समय पर मरम्मत न होने के कारण इसकी हालत धीरे-धीरे बिगड़ती गई। शशि कपूर और शम्मी कपूर भी एक समय यहां आते और ठहरते थे, लेकिन अब इसकी स्थिति बेहद नाजुक हो गई है।
खैबर पख्तूनख्वा विरासत परिषद के सचिव शकील वहीदुल्लाह ने बताया कि भूकंप से प्रभावित हिस्से के संरक्षण के लिए तुरंत कदम उठाना बेहद जरूरी है। उन्होंने पुरातत्व विभाग और सरकार से अपील की है कि कपूर हवेली और इस ऐतिहासिक इमारत की मरम्मत तथा संरक्षण के लिए ठोस कार्रवाई की जाए।
यह हवेली न केवल कपूर खानदान की विरासत है, बल्कि पेशावर की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान का भी हिस्सा मानी जाती है। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि समय रहते इसे संरक्षित नहीं किया गया, तो यह ऐतिहासिक स्थल और कपूर परिवार की गौरवशाली विरासत खोने का खतरा बना रहेगा।
इस बीच, अधिकारियों और स्थानीय प्रशासन ने बची हुई संरचनाओं की सुरक्षा और मरम्मत के लिए तत्परता जताई है, ताकि आने वाले समय में इस ऐतिहासिक हवेली को बचाया जा सके।