KNEWS DESK – टीवी और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री की जानी-मानी एक्ट्रेस शेफाली जरीवाला का साल 2025 में अचानक हुआ निधन हर किसी के लिए गहरा सदमा था। ‘कांटा लगा’ गर्ल के नाम से मशहूर शेफाली ने कम उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया, जिससे सेलेब्स से लेकर फैंस तक सभी स्तब्ध रह गए थे। इस मुश्किल दौर में उनके पति पराग त्यागी पूरी तरह टूट गए थे, लेकिन अब वह धीरे-धीरे खुद को संभालने की कोशिश कर रहे हैं।
शेफाली की याद में साधना कर रहे हैं पराग
शेफाली जरीवाला के निधन के बाद पराग त्यागी ने उनकी याद और लोगों की भलाई के लिए 21 दिनों की भगवान गणेश साधना शुरू की है। पराग का कहना है कि यह साधना उन्हें मानसिक शांति देती है और शेफाली से जुड़ाव का एहसास कराती है।
हाल ही में पराग त्यागी अभिनेता और बिग बॉस के एक्स कंटेस्टेंट पारस छाबड़ा के पॉडकास्ट में नजर आए। इस दौरान उन्होंने अपनी निजी जिंदगी को लेकर खुलकर बात की। बातचीत के दौरान पारस ने पराग से आगे की जिंदगी और दूसरी शादी को लेकर सवाल किया।
दूसरी शादी पर क्या बोले पराग त्यागी?
पारस के सवाल पर पराग त्यागी भावुक हो गए। उन्होंने कहा, “शादी को लेकर मुझे बहुत सारे कमेंट्स और डीएम आते हैं। लोग पूछते हैं कि क्या मैं दोबारा शादी करूंगा। लेकिन क्या उस लड़की के साथ गलत नहीं होगा? मेरे दिल में तो शेफाली ही है और अगर मैं फिजिकली किसी और के साथ रहूं, तो क्या ये सही होगा?”
जब पारस ने पूछा कि अगर कोई समझने वाली लड़की मिल जाए तो? इस पर पराग ने कहा, “भाई, कोई नहीं मिलता। वो सिर्फ फिजिकल फॉर्म छोड़कर गई है, वो आज भी मेरे साथ है।”
2014 में हुई थी शादी
शेफाली जरीवाला ने म्यूजिशियन हरमीत सिंह से तलाक के बाद साल 2014 में पराग त्यागी से शादी की थी। पराग, शेफाली को प्यार से ‘परी’ कहकर बुलाते थे और दोनों की बॉन्डिंग इंडस्ट्री में काफी पसंद की जाती थी।
शेफाली जरीवाला का 27 जून 2025 को मुंबई में कार्डियक अरेस्ट के चलते निधन हो गया था। उस वक्त वह सिर्फ 42 साल की थीं। उनके अचानक चले जाने से पराग त्यागी की जिंदगी पूरी तरह बदल गई।