KNEWS DESK – टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रच दिया है। फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को बड़े अंतर से हराकर तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी अपने नाम की। पूरे टूर्नामेंट में भारतीय टीम का प्रदर्शन शानदार रहा। टीम इंडिया को सिर्फ एक हार का सामना करना पड़ा, वह भी साउथ अफ्रीका के खिलाफ। इसके बाद टीम ने लगातार तीन मुकाबले जीतकर खिताब पर कब्जा कर लिया।
इस ऐतिहासिक जीत के बाद देशभर में जश्न का माहौल है। आम लोगों से लेकर फिल्मी सितारों और राजनीतिक हस्तियों तक हर कोई भारतीय टीम को बधाई दे रहा है। इसी बीच बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन का एक ट्वीट सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में आ गया है।
पहले ट्वीट से खींचा सबका ध्यान
दरअसल, भारत की जीत के बाद अमिताभ बच्चन ने 9 मार्च को अपने आधिकारिक X (पहले ट्विटर) अकाउंट पर लिखा, “कहा था नहीं देखूंगा तो जीत जाएंगे, हो गया!” इस ट्वीट के साथ उन्होंने टीम इंडिया को ट्रॉफी मिलते हुए कुछ तस्वीरें भी शेयर कीं। बिग बी के इस मजेदार अंदाज ने सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरीं।
नया ट्वीट हुआ वायरल
इसके बाद अमिताभ बच्चन ने एक और ट्वीट किया, जिसने लोगों को थोड़ा कन्फ्यूज कर दिया। उन्होंने लिखा, “जीत गये! अब बस चुप्पी साध लें! विनम्रता से बड़ी कोई जीत नहीं।” इसके साथ उन्होंने भारत के झंडे का इमोजी भी लगाया।
हालांकि, इस ट्वीट का मतलब क्या है, इसे लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई। कई यूजर्स कमेंट कर पूछने लगे कि आखिर बिग बी कहना क्या चाहते हैं। कुछ लोगों ने मजाक में लिखा कि उनकी बातें समझना आसान नहीं है, तो कुछ यूजर्स ने यह भी पूछ लिया कि क्या यह किसी खिलाड़ी के लिए कहा गया है।
सोशल मीडिया पर मिली मिली-जुली प्रतिक्रिया
बिग बी सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहते हैं और अक्सर अलग-अलग मुद्दों पर अपने विचार साझा करते हैं। हालांकि कई बार उनके कुछ ट्वीट लोगों के लिए समझना थोड़ा मुश्किल हो जाता है, जिसके कारण सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आती हैं।