KNEWS DESK – नए साल 2026 की शुरुआत मनोरंजन की दुनिया में जबरदस्त धमाके के साथ होने जा रही है। अगर आप रिएलिटी शोज के शौकीन हैं, तो तैयार हो जाइए, क्योंकि इस साल टीवी और ओटीटी पर एक से बढ़कर एक बड़े शोज दस्तक देने वाले हैं। अक्षय कुमार की लंबे वक्त बाद होस्ट के रूप में वापसी से लेकर रितेश देशमुख के मराठी बिग बॉस तक, दर्शकों के लिए फुल एंटरटेनमेंट का इंतजाम है। आइए जानते हैं साल 2026 में आने वाले सबसे चर्चित रिएलिटी शोज की पूरी लिस्ट।
अक्षय कुमार की होस्टिंग में ‘व्हील ऑफ फॉर्च्यून इंडिया’
बॉलीवुड के खिलाड़ी अक्षय कुमार लंबे समय बाद टीवी पर होस्ट के रूप में वापसी कर रहे हैं। सोनी टीवी पर आने वाले ‘व्हील ऑफ फॉर्च्यून इंडिया’ का पोस्टर पहले ही सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है। शो की टैगलाइन है— “अब मैटर करेगा हर एक अक्षर, जब घूमेगा जादू का चक्कर।” इस शो में कंटेस्टेंट्स एक विशाल पहिया घुमाकर वर्ड पजल्स सुलझाएंगे और करोड़ों की इनामी राशि जीतने का मौका पाएंगे।
5 जनवरी से शुरू होगा ‘शार्क टैंक इंडिया सीजन 5’
स्टार्टअप और बिजनेस की दुनिया का सबसे पॉपुलर शो ‘शार्क टैंक इंडिया’ अपने पांचवें सीजन के साथ 5 जनवरी 2026 से लौट रहा है। इस बार शो में नए शार्क्स की एंट्री होगी, जिनमें वीबा फूड्स के फाउंडर विराज बहल और जेटसेटगो की संस्थापक कनिका टेकरीवाल शामिल हैं। खास बात यह है कि इस सीजन में ‘कैम्पस स्पेशल’ सेगमेंट भी होगा, जहां कॉलेज स्टूडेंट्स अपने इनोवेटिव आइडियाज पेश करेंगे।
‘मास्टर शेफ इंडिया’ में इस बार जोड़ियों का तड़का
पॉपुलर कुकिंग रिएलिटी शो ‘मास्टर शेफ इंडिया’ इस बार बिल्कुल नए ट्विस्ट के साथ आ रहा है। शो का थीम रखा गया है “शुद्ध देसी जोड़ी”, यानी इस बार कंटेस्टेंट्स अकेले नहीं बल्कि जोड़ियों में खाना बनाते नजर आएंगे। जज के तौर पर विकास खन्ना, रणवीर बरार और कुणाल कपूर की दमदार तिकड़ी वापसी कर रही है। यह शो भी 5 जनवरी 2026 से ऑन एयर होगा।
एक साल बाद लौटेगा ‘खतरों के खिलाड़ी’
स्टंट रिएलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी’ के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी है। एक साल के ब्रेक के बाद शो साल 2026 में अपने 15वें सीजन के साथ वापसी करेगा। रोहित शेट्टी ने ‘बिग बॉस 19’ के मंच से इसकी पुष्टि की थी। खबरों की मानें तो इस बार के स्टंट पहले से कहीं ज्यादा खतरनाक और एड्रेनालिन से भरपूर होंगे।
रितेश देशमुख एक बार फिर ‘बिग बॉस मराठी’ के होस्ट के रूप में दर्शकों का मनोरंजन करने आ रहे हैं। सीजन 6 की टैगलाइन है— “दार उघडणार, नशिबाचा गेम पालटणार!” शो का प्रीमियर 11 जनवरी 2026 को कलर्स मराठी और जियो सिनेमा पर होगा। रितेश का नया लुक और उनका देसी स्वैग पहले ही चर्चा में है।
‘The 50’: बिना नियमों का खतरनाक खेल
टीवी और ओटीटी की दुनिया में सबसे ज्यादा चर्चा इस वक्त ‘The 50’ की हो रही है। ‘बिग बॉस 19’ के ग्रैंड फिनाले में सलमान खान ने खुद इस शो का इंट्रोडक्शन किया था। यह मशहूर फ्रेंच शो ‘Les Cinquante’ का इंडियन वर्जन है। इसमें 50 कंटेस्टेंट्स एक विशाल महल में बंद होंगे। सबसे खास बात यह है कि इस शो में कोई रूलबुक नहीं होगी—सब कुछ कंटेस्टेंट्स के माइंड गेम और स्ट्रैटेजी पर निर्भर करेगा।
‘MTV स्प्लिट्सविला X6’: प्यार या पैसा?
युवाओं का फेवरेट डेटिंग रिएलिटी शो ‘स्प्लिट्सविला’ अपने 16वें सीजन के साथ 9 जनवरी 2026 से लौट रहा है। इस बार भी शो को सनी लियोन और करण कुंद्रा होस्ट करेंगे। तड़का लगाने के लिए निया शर्मा और उर्फी जावेद को ‘मिसचीफ मेकर्स’ के रूप में शामिल किया गया है। इस सीजन की थीम “प्यार या पैसा” है, जहां कंटेस्टेंट्स को हर मोड़ पर दिल और दौलत में से किसी एक को चुनना होगा।
‘बिग बॉस 19’ की जबरदस्त सफलता के बाद सलमान खान साल 2026 के अंत में ‘बिग बॉस 20’ के साथ लौटेंगे। आमतौर पर अक्टूबर में शुरू होने वाला यह सीजन 20वां होने के चलते और भी बड़ा और भव्य होने वाला है।