सैफ अली खान पर हमले मामले पर पुलिस जांच में नए मोड़, एक लड़की का भी हुआ जिक्र

KNEWS DESK – बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता सैफ अली खान पर 16 जनवरी की रात उनके घर में हुए हमले ने हर किसी को हैरान कर दिया। इस हमले में हमलावर ने सैफ पर चाकू से वार किया, जिससे वह घायल हो गए थे। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां अब उनकी हालत स्थिर है और वह तेजी से रिकवर कर रहे हैं। इस घटना ने न केवल उनके फैंस को झकझोर दिया, बल्कि पुलिस के लिए भी यह एक गंभीर केस बन गया है।

पुलिस की जांच में आए नए खुलासे

मुंबई पुलिस इस मामले की हर कड़ी को जोड़ने में जुटी हुई है। हाल ही में इस केस में एक नया मोड़ आया है, जिसमें एक लड़की का भी जिक्र किया जा रहा है। पुलिस ने हमलावर शरीफुल द्वारा इस्तेमाल किए गए सिम कार्ड की जांच करते हुए बिहार के छपरा जिले के बोरा अंदुलिया इलाके में छापेमारी की।

सूत्रों के मुताबिक, जिस सिम कार्ड का इस्तेमाल किया गया, वह शरीफुल के पिता जहांगीर शेख के नाम पर रजिस्टर्ड है। पुलिस ने शरीफुल के साथियों और संदिग्ध लड़की का पता लगाने के लिए इलाके में उनकी तस्वीरें दिखाकर पूछताछ की।

सैफ की सुरक्षा पर बढ़ाई गई सख्ती

इस घटना के बाद सैफ अली खान और उनके परिवार की सुरक्षा को मजबूत कर दिया गया है। हाल ही में करीना कपूर और सैफ को उनके घर के बाहर देखा गया, जहां उनके साथ सुरक्षाकर्मी तैनात थे। इसके अलावा, सैफ के घर की सिक्योरिटी भी बढ़ा दी गई है।

क्या है मामले की अगली दिशा?

यह मामला हर दिन नया मोड़ ले रहा है। पुलिस लगातार सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है, लेकिन अब तक कई सवालों के जवाब नहीं मिले हैं। शरीफुल का सिम कार्ड और संदिग्ध लड़की का नाम इस केस की अहम कड़ी हो सकते हैं।