‘तलाक के बाद मेरी मेंटल हेल्थ बेहतर हुई’, इमरान खान ने एक्स वाइफ संग रिश्ते और शादीशुदा जिंदगी पर तोड़ी चुप्पी

KNEWS DESK – बॉलीवुड एक्टर इमरान खान बीते काफी समय से फिल्मी पर्दे से दूर थे, लेकिन हाल ही में उन्होंने एक बार फिर सुर्खियों में वापसी कर ली है। इमरान हाल ही में वीर दास की फिल्म ‘हैप्पी पटेल: खतरनाक जासूस’ में नजर आए, जिसमें उनके साथ उनके मामा आमिर खान भी दिखाई दिए। इस खास कैमियो के बाद से ही इमरान खान को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

इसी बीच इमरान खान ने हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में अपनी पर्सनल लाइफ, खासतौर पर एक्स वाइफ अवंतिका मलिक से तलाक को लेकर खुलकर बात की है। एक्टर ने बताया कि यह फैसला उनके लिए मुश्किल जरूर था, लेकिन आगे चलकर उनके लिए फायदेमंद साबित हुआ।

रिश्ता हेल्दी नहीं था – इमरान खान

टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए इंटरव्यू में इमरान खान ने कहा कि अवंतिका मलिक के साथ उनका रिश्ता हेल्दी नहीं था। उन्होंने बताया कि उनका रिश्ता बहुत कम उम्र में शुरू हुआ था। इमरान के मुताबिक, “हम दोनों 17-18 साल की उम्र में एक-दूसरे के साथ आए थे। उस समय हमें ये समझ ही नहीं थी कि रिश्ते को संतुलित कैसे रखा जाता है।”

कई साल तक डेट करने के बाद इमरान और अवंतिका ने साल 2010 में शादी की थी। साल 2013 में दोनों बेटी इमारा के माता-पिता बने, लेकिन यह रिश्ता ज्यादा लंबा नहीं चल सका और 2019 में दोनों का तलाक हो गया।

तलाक के बाद बेहतर हुई मेंटल हेल्थ

इमरान खान ने तलाक को लेकर आम सोच से अलग बात कही। उन्होंने कहा, “लोग कहते हैं कि तलाक के बाद मेंटल हेल्थ खराब हो जाती है, लेकिन मेरे साथ उल्टा हुआ। तलाक के बाद मेरी मेंटल हेल्थ बेहतर हो गई।”
एक्टर ने साफ किया कि इस रिश्ते के टूटने में किसी एक की गलती नहीं थी। दोनों उस वक्त इतने समझदार नहीं थे कि हालात को सही तरीके से समझ सकें। फिलहाल इमरान खान लेखा वाशिंगटन के साथ रिलेशनशिप में हैं और अपनी जिंदगी के इस नए फेज को एंजॉय कर रहे हैं।

अपकमिंग फिल्म को लेकर एक्साइटमेंट

वर्कफ्रंट की बात करें तो इमरान खान ने साल 2008 में सुपरहिट फिल्म ‘जाने तू या जाने ना’ से बॉलीवुड में धमाकेदार डेब्यू किया था। जेनेलिया डिसूजा के साथ उनकी जोड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया। अब इमरान जल्द ही भूमि पेडनेकर के साथ फिल्म ‘अधूरे हम अधूरे तुम’ में नजर आएंगे, जो ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी। फैंस को एक बार फिर इमरान खान को लीड रोल में देखने का बेसब्री से इंतजार है।