KNEWS DESK – रानी मुखर्जी की मोस्ट अवेटेड क्राइम थ्रिलर फिल्म ‘मर्दानी 3’ आज यानी 30 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है. फिल्म के ट्रेलर के सामने आते ही दर्शकों के बीच इसका जबरदस्त क्रेज देखने को मिला था और अब रिलीज के साथ ही सबकी निगाहें इसके बॉक्स ऑफिस पर टिक गई हैं. पहले से ही सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ सिनेमाघरों में अच्छा प्रदर्शन कर रही है, ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या ‘मर्दानी 3’ दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में कामयाब हो पाती है या नहीं.
एडवांस बुकिंग में दमदार शुरुआत
रिलीज से पहले ही ‘मर्दानी 3’ ने एडवांस बुकिंग में शानदार प्रदर्शन किया है. Sacnilk की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने एडवांस बुकिंग से 1.16 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है. वहीं ब्लॉक सीट्स को मिलाकर यह आंकड़ा 2.33 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. अब तक फिल्म के 39 हजार से ज्यादा टिकट बिक चुके हैं और देशभर में इसके 5024 शोज बुक हुए हैं.
एडवांस बुकिंग के मामले में महाराष्ट्र सबसे आगे रहा है, जहां फिल्म ने 52.7 लाख रुपये की कमाई की है. इसके अलावा दिल्ली में 43.94 लाख, उत्तर प्रदेश में 11.19 लाख, पंजाब में 9.1 लाख और वेस्ट बंगाल में 12.04 लाख रुपये की कमाई दर्ज की गई है.
पहले दिन की कमाई का अनुमान
फिल्म की पहले दिन की कमाई को लेकर भी बॉक्स ऑफिस प्रिडिक्शन सामने आ चुका है. हिंदुस्तान की रिपोर्ट के अनुसार ट्रेड एनालिस्ट सुमित कदेल का कहना है कि ‘मर्दानी 3’ ओपनिंग डे पर 1.75 से 2.75 करोड़ रुपये तक की कमाई कर सकती है. वहीं पहले वीकेंड तक फिल्म 11 से 13 करोड़ रुपये का बिजनेस कर सकती है. अगर वर्ड ऑफ माउथ पॉजिटिव रहता है तो फिल्म की कुल कमाई 60 से 70 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है.
‘मर्दानी 3’ का निर्देशन अभिराज मीनावाला ने किया है. इससे पहले ‘मर्दानी’ फ्रेंचाइजी के दोनों पार्ट्स को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला था. साल 2014 में रिलीज हुई ‘मर्दानी’ ने रानी मुखर्जी को एक दमदार पुलिस ऑफिसर के रूप में स्थापित किया था, जबकि 2019 में आए दूसरे पार्ट को भी पॉजिटिव रिस्पॉन्स मिला था. अब तीसरे पार्ट से भी मेकर्स और फैंस को काफी उम्मीदें हैं.