KNEWS DESK – अगर आप हॉरर फिल्मों के शौकीन हैं, तो आपके लिए एक बड़ी खबर है। 8 साल पहले रिलीज हुई फिल्म तुम्बाड को बॉलीवुड की बेहतरीन हॉरर फिल्मों में गिना जाता है। 2018 में रिलीज़ होने के समय फिल्म को बहुत बड़ा क्रेज नहीं मिला था, लेकिन 2024 में इसे री-रिलीज किया गया और दर्शकों ने इसे जबरदस्त प्यार दिया। इस रिस्पॉन्स को देखते हुए मेकर्स ने इसके सीक्वल, तुम्बाड 2, का ऐलान कर दिया।
‘तुम्बाड 2’ का क्रेज बढ़ा
‘तुम्बाड’ ने रिलीज के समय से ही एक कल्ट फॉलोइंग हासिल की और इसे हिंदी की बेहतरीन हॉरर फिल्मों में शामिल किया गया। 2024 में री-रिलीज होने के बाद यह दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बन गई। इस सफलता के बाद फैंस बेसब्री से ‘तुम्बाड 2’ का इंतजार कर रहे हैं।
सीक्वल में सोहम शाह अपनी भूमिका दोबारा निभाएंगे और इस बार फिल्म में बॉलीवुड के लोकप्रिय अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी भी शामिल होंगे। यह पहली बार होगा जब सोहम शाह और नवाजुद्दीन सिद्दीकी स्क्रीन पर साथ दिखाई देंगे।
मुंबई में बनाया जा रहा विशाल सेट
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘तुम्बाड 2’ के पहले शेड्यूल के लिए मुंबई में 7 से 8 एकड़ की जमीन पर एक विशाल, पूरे शहर जैसा सेट तैयार किया जा रहा है। यह दर्शाता है कि फिल्म का प्रोडक्शन और विजुअल स्केल पिछली फिल्म से कहीं बड़ा होने वाला है। मेकर्स इसे नैक्स्ट लेवल हॉरर अनुभव देने के लिए डिजाइन कर रहे हैं।
‘तुम्बाड 2’ को सोहम शाह फिल्म्स और पेन स्टूडियोज के बैनर तले बनाया जा रहा है। मेकर्स की योजना है कि फिल्म की शूटिंग इस साल के अंत तक शुरू हो जाए। हालांकि अभी रिलीज डेट के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है।