KNEWS DESK – ऋतिक रोशन की पिछली रिलीज ‘वॉर 2’ भले ही बॉक्स ऑफिस पर उम्मीदों पर खरी न उतरी हो, लेकिन एक्टर के हाथ अभी भी दो बड़े और चर्चित प्रोजेक्ट्स हैं। पहला है ‘कृष 4’, जिसे वह खुद डायरेक्ट कर रहे हैं, और दूसरा होम्बले फिल्म्स के साथ एक मेगा प्रोजेक्ट, जिस पर अभी वक्त लगेगा। इसी बीच खबरें थीं कि ऋतिक आलिया भट्ट की फिल्म ‘अल्फा’ में कैमियो करते नजर आ सकते हैं, लेकिन सबसे बड़ा फोकस फिलहाल ‘कृष 4’ पर ही है, जो 2027 में रिलीज होने की तैयारी में है और इस समय प्रोडक्शन स्टेज में है।
इसी बीच फिल्म को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रियंका चोपड़ा की ‘कृष 4’ में एंट्री कंफर्म हो गई है। वह फिल्म में बतौर फीमेल लीड नजर आएंगी, जिससे फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
‘कृष’ फ्रेंचाइज़ी से पुराना नाता
प्रियंका चोपड़ा इससे पहले भी ‘कृष’ और ‘कृष 3’ में ऋतिक रोशन के साथ लीड रोल निभा चुकी हैं। इन फिल्मों में दोनों की केमिस्ट्री को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। इसके बाद प्रियंका ने कुछ और बॉलीवुड फिल्मों में काम किया, शादी के बाद विदेश शिफ्ट हो गईं और काफी वक्त तक हिंदी सिनेमा से दूर रहीं।
राजामौली की फिल्म से की भारतीय सिनेमा में वापसी
फिलहाल प्रियंका चोपड़ा एस.एस. राजामौली की अपकमिंग फिल्म ‘वाराणसी’ पर काम कर रही हैं। इस फिल्म के लिए उन्होंने तगड़ी फीस ली है और इसमें वह मंदाकिनी नाम के एक रहस्यमयी डकैत के किरदार में नजर आने वाली हैं। इस किरदार का खुलासा खुद राजामौली ने किया है। बॉलीवुड में प्रियंका को आखिरी बार 2019 में रिलीज हुई ‘The Sky Is Pink’ में देखा गया था। इसके बाद उनकी एक फिल्म ओटीटी पर आई, लेकिन अब वह पूरी तरह से हिंदी सिनेमा में वापसी की तैयारी में हैं।
क्यों खास है प्रियंका की वापसी?
एक रिपोर्ट के मुताबिक, ‘कृष 4’ के लिए प्रियंका चोपड़ा को ऑफिशियली साइन कर लिया गया है। यह उनकी बॉलीवुड में बड़े स्तर पर वापसी मानी जा रही है। दिलचस्प बात यह है कि एक समय वह संजय लीला भंसाली की ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ के लिए भी फाइनल बताई जा रही थीं, लेकिन आखिरी वक्त पर यह रोल आलिया भट्ट को मिल गया। इसके बाद प्रियंका की एंट्री राजामौली और महेश बाबू की फिल्म में हुई।
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि राजामौली और महेश बाबू जैसे मेकर्स को प्रियंका के साथ काम करने में कोई आपत्ति नहीं रही। उल्टा, उनके रोल को और मजबूत किया गया और जितनी फीस उन्होंने मांगी, उतनी ही दी गई। कहा जा रहा है कि प्रियंका, महेश बाबू और उनकी पत्नी नम्रता सितारा के भी काफी करीब आ गई हैं।
बॉलीवुड की ओर वापसी का रास्ता
एक फिल्ममेकर के मुताबिक, ‘कृष 4’ प्रियंका चोपड़ा के लिए बॉलीवुड में ग्रैंड कमबैक का रास्ता साबित हो सकती है। ऋतिक रोशन के निर्देशन में बन रही इस सुपरहीरो फिल्म से न सिर्फ फ्रेंचाइज़ी को नई जान मिलने की उम्मीद है, बल्कि प्रियंका की भी एक बार फिर बड़े पर्दे पर दमदार वापसी तय मानी जा रही है।