KNEWS DESK – पिछले कुछ वर्षों में बॉलीवुड में सीक्वल फिल्मों का ट्रेंड तेजी से बढ़ा है। खासकर उन फिल्मों के दूसरे पार्ट पर ज्यादा ध्यान दिया जा रहा है, जिनके पहले पार्ट को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिला था। लेकिन हर बार सफलता दोहराना आसान नहीं होता—कई बड़े सीक्वल उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए। इसी बीच अब एक ऐसी फिल्म का नाम सामने आया है, जिसका दर्शकों को लंबे समय से इंतजार था।
हम बात कर रहे हैं Queen की, जिसने 2014 में रिलीज होकर एक अलग ही पहचान बनाई थी। इस फिल्म में कंगना रनौत ने अपने दमदार अभिनय से दर्शकों का दिल जीत लिया था। अब करीब 12 साल बाद इस फिल्म का सीक्वल बनने जा रहा है, जिसे लेकर फैंस के बीच उत्साह साफ नजर आ रहा है।
खबरों के मुताबिक, फिल्म के दूसरे पार्ट पर काम जल्द ही शुरू होने वाला है और साल के अंत तक इसकी शूटिंग भी शुरू की जा सकती है। इस बार भी फिल्म का निर्देशन विकास बहल ही करेंगे, जिन्होंने पहले पार्ट को डायरेक्ट किया था।
अब सबसे बड़ा अपडेट फिल्म के टाइटल को लेकर सामने आया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, मेकर्स ‘Queen 2’ नाम से आगे नहीं बढ़ना चाहते। इसके बजाय वे एक नया और अलग टाइटल देने की तैयारी में हैं। बताया जा रहा है कि ‘Queen Forever’ नाम पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है, जो फिल्म की थीम और कंगना के किरदार के साथ बेहतर फिट बैठता है।
हालांकि अभी टाइटल को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन उम्मीद जताई जा रही है कि शूटिंग शुरू होने से पहले ही इसे फाइनल कर लिया जाएगा। इसके बाद फिल्म की पूरी टीम बड़े स्तर पर इसकी घोषणा कर सकती है।
फिल्म के प्रोडक्शन की बात करें तो इसे Trigger Happy Entertainment के अमित चंद्रा प्रोड्यूस करेंगे। इससे पहले वह बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम कर चुके हैं और अब ‘क्वीन’ के इस सीक्वल को भी खास बनाने की तैयारी में हैं।