KNEWS DESK – बॉलीवुड के मशहूर लेखक सलीम खान पिछले कुछ समय से अपनी सेहत को लेकर चर्चा में हैं। उन्हें 17 फरवरी को मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में भर्ती होने के बाद से ही उनके फैंस और फिल्म इंडस्ट्री के लोग लगातार उनकी तबीयत को लेकर अपडेट ले रहे हैं। अब उनकी सेहत को लेकर राहत भरी खबर सामने आई है।
अब बेहतर है सलीम खान की तबीयत
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सलीम खान का ब्रेन हेमरेज का इलाज किया गया था। इलाज के बाद अब उनकी हालत पहले से काफी बेहतर बताई जा रही है। वह धीरे-धीरे रिकवरी कर रहे हैं और डॉक्टरों की निगरानी में हैं। परिवार के सदस्य भी लगातार अस्पताल में मौजूद हैं और उनसे मिलने आते-जाते रहते हैं।
जावेद अख्तर ने दिया हेल्थ अपडेट
हाल ही में दिल्ली में एक बुक लॉन्च इवेंट के दौरान सलीम खान के करीबी दोस्त और दिग्गज लेखक जावेद अख्तर ने उनकी तबीयत को लेकर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सलीम खान अब पहले से बेहतर हैं और तेजी से रिकवर कर रहे हैं। जावेद अख्तर के मुताबिक सलीम अब कुर्सी पर बैठ पा रहे हैं और लोगों से बातचीत भी कर रहे हैं, जो उनकी सेहत में सुधार का संकेत है।
आमिर खान भी लेने पहुंचे थे हालचाल
इससे पहले बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान भी सलीम खान का हालचाल जानने अस्पताल पहुंचे थे। हालांकि उस समय वह उनसे सीधे मुलाकात नहीं कर पाए थे, लेकिन उन्होंने परिवार के सदस्यों से बातचीत की थी। आमिर ने बताया था कि परिवार की ओर से उन्हें जानकारी दी गई कि सलीम खान की तबीयत में सुधार हो रहा है और वह उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।
डेजी शाह ने भी दी थी जानकारी
अभिनेत्री डेजी शाह ने भी एक इंटरव्यू में बताया था कि वह सलीम खान से मिलने अस्पताल गई थीं, लेकिन उस समय मुलाकात नहीं हो पाई। उन्होंने कहा था कि वह सलमान खान के संपर्क में हैं और परिवार की ओर से बताया गया है कि सलीम खान की हालत में सुधार हो रहा है।
जब सलीम खान को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, तब उनकी हालत काफी गंभीर बताई गई थी। डॉक्टरों के अनुसार उन्हें तेज झटके आ रहे थे और उनका ब्लड प्रेशर भी काफी ज्यादा था। स्थिति को देखते हुए उन्हें कुछ समय के लिए वेंटिलेटर सपोर्ट पर भी रखा गया था।