‘काश कुछ और कर पाता…’ बर्थडे पर इमोशनल हुए आदित्य धर, ‘धुरंधर 2’ के डायरेक्टर ने लिखा लंबा पोस्ट

KNEWS DESK –फिल्म ‘धुरंधर 2’ के निर्देशक Aditya Dhar ने हाल ही में अपना 43वां जन्मदिन मनाया। इस खास मौके पर उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा किया, जिसमें उन्होंने अपने करियर के सफर, संघर्ष और फैंस के प्यार के लिए आभार जताया। उनका यह पोस्ट तेजी से वायरल हो गया और फैंस के बीच चर्चा का विषय बन गया।

जन्मदिन पर इमोशनल हुए आदित्य धर

12 मार्च को अपना जन्मदिन मनाने वाले आदित्य धर ने पोस्ट में लिखा कि उन्हें कभी-कभी लगता है कि काश वे कुछ चीजें अलग तरीके से कर पाते या कुछ फैसले और बेहतर समझ के साथ ले पाते। लेकिन जिंदगी के सफर में उन्हें जो प्यार, सपोर्ट और विश्वास मिला, उसने उन्हें हमेशा मजबूत बनाए रखा।

उन्होंने अपने पोस्ट में उन मीम्स का भी जिक्र किया, जो उनकी फिल्मों की बारीकियों को लेकर सोशल मीडिया पर बनाए गए थे। ‘पीक डिटेलिंग’ वाले इन मीम्स में उनकी फिल्मों के सीन की छोटी-छोटी बातों पर मजाक किया जाता था। हालांकि आदित्य धर ने इसे आलोचना की तरह नहीं बल्कि प्यार की तरह लिया। उन्होंने लिखा कि इन मीम्स को पढ़कर वे मुस्कुराए और उन्हें अच्छा लगा कि लोग उनकी फिल्मों को इतनी बारीकी से देखते हैं।

‘धुरंधर’ की सफलता और सीक्वल की तैयारी

आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर’ ने दुनियाभर में जबरदस्त सफलता हासिल की थी और यह साल 2025 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल रही। अब इसके सीक्वल ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ को लेकर भी दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है।

https://www.instagram.com/p/DVy7Khbk3_T/

निर्देशक ने बताया कि अपने जन्मदिन के दिन भी वे फिल्म के फाइनल टच पर काम कर रहे थे। उन्होंने लिखा कि अपनी टीम के साथ इस प्रोजेक्ट पर काम करते हुए उन्हें बेहद गर्व और संतोष महसूस हो रहा है। साथ ही उन्होंने फैंस से अपने सपनों पर भरोसा रखने और लगातार मेहनत करने की सलाह भी दी।

पत्नी यामी गौतम ने भी दी शुभकामनाएं

इस खास दिन पर कई फिल्मी हस्तियों ने आदित्य धर को जन्मदिन की बधाई दी। उनकी पत्नी और अभिनेत्री Yami Gautam ने भी सोशल मीडिया पर खास पोस्ट शेयर कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।

जन्मदिन के मौके पर आदित्य धर ने अपने फैंस को खास तोहफा भी दिया। उन्होंने ‘धुरंधर’ के पहले पार्ट को दोबारा सिनेमाघरों में रिलीज करने का फैसला किया, जो 13 मार्च 2026 को री-रिलीज हुआ। फैंस के लिए यह किसी सरप्राइज गिफ्ट से कम नहीं था।

‘धुरंधर 2’ को लेकर बढ़ा उत्साह

फिल्म ‘धुरंधर 2’ की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। फिल्म का पहला गाना “Aari Aari” भी रिलीज हो चुका है, जिसे दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है।

यह फिल्म 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। वहीं 18 मार्च को होने वाले प्री-रिलीज शोज की टिकटों की कीमतें काफी ज्यादा होने के बावजूद कई जगह पहले से ही हाउसफुल हो चुकी हैं। इससे साफ है कि दर्शक इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।