‘सिर्फ इसलिए निशाना बनाया क्योंकि मैं बॉलीवुड से हूं’… राजपाल यादव का बड़ा आरोप

KNEWS DESK – कॉमेडी के जरिए दर्शकों को हंसाने वाले राजपाल यादव इन दिनों एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह कोई फिल्म नहीं, बल्कि उनका दर्द है। 5 करोड़ रुपये के लोन विवाद में जेल की सजा काट चुके अभिनेता ने अब खुलकर उन लोगों पर निशाना साधा है, जो उनके मुताबिक फिल्म इंडस्ट्री के कलाकारों को ‘सॉफ्ट टारगेट’ समझते हैं।

टीवी9 हिंदी डिजिटल को दिए एक एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में राजपाल यादव ने कहा, “आज एक अजीब धारणा बना दी गई है कि अगर कोई बॉलीवुड से है, तो वही गलत होगा। इस सोच को हमारे खिलाफ हथियार की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है।”

‘अता पता लापता’ को बदनाम करने का आरोप

राजपाल ने दावा किया कि उनके खिलाफ शिकायत करने वाले व्यक्ति ने उनकी फिल्म अता पता लापता को रिलीज से पहले ही बदनाम कर दिया। उनका कहना है, “अगर फिल्म रिलीज होती तो पैसा वापस आ जाता, लेकिन उसे प्लेटफॉर्म पर आने से पहले ही खत्म कर दिया गया। मकसद सिर्फ मेरा करियर तबाह करना था।”

https://www.instagram.com/reels/DVV4XxpDAFy/

अभिनेता का आरोप है कि 2013 से 2018 के बीच बार-बार शिकायतें कर उन्हें विदेश शूटिंग के लिए जाने से रोकने की कोशिश की गई। “पासपोर्ट रुकवाने की कोशिश हुई ताकि मैं काम न कर सकूं और इंडस्ट्री मुझे बॉयकॉट कर दे। लेकिन हर बार मुझे पासपोर्ट मिला, मैं काम पर गया और लौटकर नियमों का पालन किया,” उन्होंने कहा।

“1500 करोड़ का आदमी, 5 करोड़ की जिद”

राजपाल यादव ने बातचीत के दौरान एक बड़ा दावा करते हुए कहा, “वो खुद को 1500 करोड़ का आदमी बताता था, लेकिन 5 करोड़ रुपये के लिए मेरी जिंदगी और करियर बर्बाद करने पर उतारू हो गया। उसे सिर्फ पैसे नहीं, बल्कि मुझे रोकने की जिद थी।”

उनके मुताबिक, यह सिर्फ कानूनी लड़ाई नहीं थी, बल्कि इमेज खराब करने की सुनियोजित कोशिश थी।

राज कपूर का उदाहरण देकर रखी बात

अपनी बात को मजबूती देने के लिए राजपाल ने दिग्गज अभिनेता-निर्माता राज कपूर का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा, “फिल्म इंडस्ट्री में घाटा-नुकसान नई बात नहीं है। ‘मेरा नाम जोकर’ जैसी फिल्म पहले फ्लॉप हुई, बाद में क्लासिक बनी। लेकिन बिजनेस लॉस को अपराध की तरह पेश करना गलत है।”

राजपाल का कहना है कि फिल्म बनाना सिर्फ पैसा कमाने का जरिया नहीं, बल्कि जुनून और मेहनत का परिणाम होता है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि मुश्किल वक्त में भारतीय सिनेमा और उनके फैंस ने उनका साथ दिया, जिसकी वजह से वह दोबारा खड़े हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *