‘मैं जो कुछ भी हूं,…’ पिता के निधन पर भावुक हुए एक्टर सिद्धार्थ मल्होत्रा, शेयर किया पोस्ट

KNEWS DESK- बॉलीवुड इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा के पिता का निधन हो गया है। इस कठिन समय में अभिनेता और उनका परिवार गहरे शोक में है।

जानकारी के अनुसार, सिद्धार्थ मल्होत्रा के पिता सुनील मल्होत्रा ने 14 फरवरी को दिल्ली में अंतिम सांस ली। वे मर्चेंट नेवी के पूर्व कप्तान थे और अपने अनुशासन, ईमानदारी तथा सादगी भरे व्यक्तित्व के लिए जाने जाते थे। पिता के निधन की खबर मिलते ही सिद्धार्थ और उनकी पत्नी Kiara Advani तुरंत मुंबई से दिल्ली पहुंच गए।

पिता के साथ अपने गहरे जुड़ाव को याद करते हुए सिद्धार्थ ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा की। उन्होंने लिखा कि उनके पिता असाधारण ईमानदारी, सत्यनिष्ठा और सुसंस्कृत मूल्यों के प्रतीक थे। उन्होंने ऐसे सिद्धांतों का पालन किया जो कभी परिस्थितियों के आगे नहीं झुके। अनुशासन में कठोरता नहीं, जीवन में अहंकार नहीं और हर चुनौती का सकारात्मकता से सामना—यही उनके व्यक्तित्व की पहचान थी।

https://www.instagram.com/p/DU3VzAWgT5A/?utm_source=ig_web_copy_link&igsh=MzRlODBiNWFlZA==

अभिनेता ने अपने संदेश में यह भी कहा कि एक नौसेना कप्तान के रूप में समुद्र की जिम्मेदारी संभालने से लेकर बीमारी का साहसपूर्वक सामना करने तक, उनके पिता ने कभी समझौता नहीं किया और न ही अपनी गरिमा खोई।

सिद्धार्थ ने लिखा, “पापा, आपकी सत्यनिष्ठा मेरी सबसे बड़ी विरासत है। आपकी ताकत मुझे हर दिन मार्गदर्शन देती है और आपकी सकारात्मक सोच आज भी हमारे परिवार को एकजुट रखती है। मैं जो कुछ भी हूं, आपकी वजह से हूं। मैं आपके नाम, आपके मूल्यों और आपकी रोशनी को हमेशा आगे बढ़ाता रहूंगा। लव यू पापा।”

इस दुखद खबर के बाद फिल्म इंडस्ट्री और फैंस सोशल मीडिया के जरिए अभिनेता को सांत्वना दे रहे हैं। इस मुश्किल घड़ी में हर कोई सिद्धार्थ और उनके परिवार के लिए प्रार्थना कर रहा है।