रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग, क्राइम ब्रांच ने संभाली जांच

KNEWS DESK – मुंबई के जुहू इलाके में मशहूर फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर देर रात फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई है। अज्ञात हमलावरों ने डायरेक्टर के घर के बाहर चार से पांच राउंड फायरिंग की, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर सुरक्षा कड़ी कर दी गई।

बताया जा रहा है कि जिस वक्त फायरिंग हुई, उस समय रोहित शेट्टी अपने घर के अंदर ही मौजूद थे। राहत की बात यह है कि इस घटना में अब तक किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है। हालांकि, हमले के बाद से डायरेक्टर के घर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

क्राइम ब्रांच को सौंपी गई जांच, 12 टीमें अलर्ट

फायरिंग के इस मामले को मुंबई क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर कर दिया गया है। क्राइम ब्रांच की 12 से ज्यादा टीमें अलग-अलग एंगल से जांच में जुटी हुई हैं। शुरुआती जांच में पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में एक मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध नजर आया है, जिस पर एक ही व्यक्ति बैठा हुआ दिख रहा है।

पुलिस को आशंका है कि वारदात को अंजाम देने में एक से ज्यादा बाइक और कारों का भी इस्तेमाल किया गया हो सकता है। हमलावरों ने कुल पांच राउंड फायर किए हैं। सूत्रों के मुताबिक, इस पूरे मामले में गैंगस्टर लिंक की भी जांच की जा रही है।

इलाके को किया गया सील, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना के बाद पुलिस ने रोहित शेट्टी के घर के आसपास के पूरे इलाके को सील कर दिया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें डायरेक्टर के घर के बाहर भारी पुलिस फोर्स तैनात दिखाई दे रही है। पुलिस आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

फिलहाल न तो आरोपियों का सुराग लग पाया है और न ही फायरिंग के पीछे की वजह साफ हो सकी है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

पहले भी सेलेब्स के घर हो चुकी है फायरिंग

गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब किसी बड़े सेलिब्रिटी के घर के बाहर फायरिंग की घटना सामने आई हो। इससे पहले सलमान खान, एल्विश यादव, कपिल शर्मा और सिंगर एपी ढिल्लों के घरों के बाहर भी फायरिंग की घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे बॉलीवुड सेलेब्स की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हुए थे।

रोहित शेट्टी बॉलीवुड के सबसे सफल निर्देशकों में गिने जाते हैं। उन्होंने कॉमेडी और एक्शन के मिश्रण से दर्शकों को कई सुपरहिट फिल्में दी हैं। ‘सिंघम’, ‘सिंघम रिटर्न्स’, ‘चेन्नई एक्सप्रेस’, ‘दिलवाले’, ‘सिम्बा’, ‘सूर्यवंशी’, ‘सिंघम अगेन’, ‘गोलमाल’ सीरीज और ‘सर्कस’ जैसी फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता हासिल की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *