मशहूर संगीतकार ए. आर. रहमान की अचानक बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में भर्ती, फैंस कर रहे हैं दुआएं

KNEWS DESK –  भारतीय संगीत की दुनिया के दिग्गज ए. आर. रहमान को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रविवार सुबह उन्हें सीने में दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद उन्हें तुरंत चेन्नई के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया।

अस्पताल सूत्रों के अनुसार, रहमान को सुबह करीब 7:30 बजे भर्ती किया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी ईसीजी और इकोकार्डियोग्राम सहित कई महत्वपूर्ण जांचें कीं। फिलहाल, विशेषज्ञों की एक टीम उनकी सेहत पर नज़र रख रही है, और ऐसा माना जा रहा है कि उन्हें एंजियोग्राम से भी गुजरना पड़ सकता है।

एंजियोग्राम एक विशेष प्रकार का एक्स-रे होता है, जो रक्त वाहिकाओं की स्थिति की जांच के लिए किया जाता है। इस प्रक्रिया के जरिए यह पता लगाया जाता है कि कहीं धमनियों में कोई रुकावट तो नहीं है या हृदय से संबंधित कोई गंभीर समस्या तो नहीं है।

फैंस की दुआएं और शुभकामनाएं

ए. आर. रहमान की तबीयत बिगड़ने की खबर सुनते ही सोशल मीडिया पर उनके फैंस और शुभचिंतक उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। ट्विटर और इंस्टाग्राम पर हजारों लोग उनके लिए दुआएं मांग रहे हैं। एक फैन ने लिखा, सर, आपकी संगीत की धुनों ने हमें हमेशा प्रेरित किया है, भगवान आपको जल्दी ठीक करे।

संगीत की दुनिया के लीजेंड

ए. आर. रहमान ने 1992 में मणिरत्नम की फिल्म रोजा से अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने कई ऐतिहासिक गाने दिए, जिनमें छैंय्या छैंय्या, जिया जले, जय हो, इश्क बिना और कुन फाया कुन जैसे सुपरहिट गाने शामिल हैं। 2009 में ऑस्कर जीतकर उन्होंने भारत का नाम विश्व मंच पर रोशन किया।

बीते साल नवंबर में ए. आर. रहमान और उनकी पत्नी सायरा बानो के तलाक की खबरें सामने आई थीं। दोनों ने शादी के 29 साल बाद अलग होने का फैसला लिया था, हालांकि सायरा बानो ने कहा था कि वह हमेशा रहमान का समर्थन करती रहेंगी।

About Post Author

Leave a Reply

Your email address will not be published.