‘दरवाजे खड़खड़ाते हैं, जेट्स उड़ते हैं…’ दुबई में फंसी लारा दत्ता ने सुनाई डरावनी आपबीती

KNEWS DESK – मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच बॉलीवुड एक्ट्रेस लारा दत्ता का एक इमोशनल वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में एक्ट्रेस ने बताया कि वह अपनी बेटी के साथ दुबई में फंसी हुई हैं और मौजूदा हालात को लेकर काफी घबराई हुई हैं। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते टकराव के कारण पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है, जिसका असर आम लोगों के साथ-साथ सेलेब्स पर भी पड़ रहा है।

दुबई में फंसीं लारा दत्ता

लारा दत्ता ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर कर अपनी स्थिति के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि वह इजराइल-ईरान संघर्ष की शुरुआत से ही दुबई में हैं। एक्ट्रेस के मुताबिक पिछले तीन सालों से यूएई उनका दूसरा घर रहा है और उन्होंने यहां काफी समय बिताया है।

https://www.instagram.com/reels/DVdUGRXDNlF/

लारा ने बताया कि 28 फरवरी को वह दुबई के एक स्टूडियो में शूटिंग कर रही थीं, तभी अचानक उन्हें जोरदार धमाकों की आवाज सुनाई देने लगी। यह आवाज इतनी तेज थी कि वहां मौजूद लोग घबरा गए और सभी स्टूडियो के बाहर निकल आए।

मिसाइल इंटरसेप्ट होते देखे

एक्ट्रेस ने कहा कि बाहर आने के बाद उन्होंने आसमान में मिसाइलों को इंटरसेप्ट होते देखा। उन्होंने माना कि यह उनके लिए काफी तनाव भरे पल थे। उस वक्त उनके साथ उनकी बेटी भी थी, जबकि उनके पति काम के सिलसिले में शहर से बाहर थे।

लारा ने बताया कि उन पलों में उन्हें काफी डर लगा और वह लगातार नर्वस महसूस कर रही थीं। हालांकि उन्होंने राहत जताई कि उनके पति उस समय दुबई में मौजूद नहीं थे।

‘बहुत डरावना है माहौल’

वीडियो में लारा दत्ता ने मौजूदा हालात को बेहद डरावना बताया। उन्होंने कहा कि आसमान में लगातार फाइटर जेट्स उड़ते दिखाई देते हैं और कई बार बम धमाकों की आवाजें सुनाई देती हैं।

एक्ट्रेस ने बताया कि वह अपनी बेटी के साथ एक सुरक्षित विला में रह रही हैं, लेकिन तेज धमाकों के कारण घर की खिड़कियां तक हिलने लगती हैं और दरवाजे खड़खड़ाने लगते हैं। उनके मुताबिक इस तरह का माहौल किसी के लिए भी डर पैदा कर सकता है।

यूएई सरकार की तारीफ

इन मुश्किल हालात के बीच लारा दत्ता ने यूएई सरकार की तारीफ भी की। उन्होंने कहा कि सरकार लोगों की सुरक्षा के लिए लगातार काम कर रही है और उन्हें महसूस होता है कि प्रशासन उनका पूरा ख्याल रख रहा है।

एक्ट्रेस ने कहा कि चाहे किसी के पास नागरिकता हो या नहीं, लेकिन वहां मौजूद लोगों को सुरक्षित रखने की पूरी कोशिश की जा रही है।

लोगों के लिए जताई इज्जत

वीडियो के आखिर में लारा दत्ता भावुक भी नजर आईं। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल समय में उन्हें उन सभी लोगों के लिए बहुत सम्मान महसूस होता है जो देश को संभालने और लोगों की सुरक्षा के लिए काम कर रहे हैं। लारा ने कहा कि हर कोई डरा हुआ है, लेकिन फिर भी बच्चे और परिवार के सामने सामान्य रहने की कोशिश कर रहा है।