‘धुरंधर’ का मेजर मोहित शर्मा से कोई संबंध नहीं, रणवीर सिंह के किरदार पर डायरेक्टर आदित्य धर ने तोड़ी चुप्पी

KNEWS DESK – रणवीर सिंह की अपकमिंग फिल्म ‘धुरंधर’ इन दिनों सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा में बनी हुई है। आदित्य धर के डायरेक्शन में बन रही यह फिल्म अपने दमदार ट्रेलर और पावरफुल स्टारकास्ट के चलते पहले ही सुर्खियां बटोर चुकी है। मेकर्स ने फिल्म के लगभग सभी प्रमुख किरदारों की जानकारी शेयर कर दी है, लेकिन रणवीर सिंह के किरदार को लेकर अब भी पर्दा बना हुआ है। इसी रहस्य ने फैंस की उत्सुकता और बढ़ा दी है।

रणवीर सिंह का किरदार

ट्रेलर रिलीज के बाद से ही सोशल मीडिया पर कयास लगाए जा रहे हैं कि रणवीर सिंह का किरदार किसी वास्तविक हीरो से प्रेरित हो सकता है। जहां आर माधवन अजीत डोभाल, अक्षय खन्ना रहमान डकैत, संजय दत्त एसपी चौधरी असलम, और अर्जुन रामपाल मेजर इकबाल की भूमिकाओं में हैं, ये सभी किरदार रियल लाइफ फिगर्स पर आधारित बताए गए हैं। लेकिन रणवीर सिंह का किरदार अब तक आधिकारिक रूप से उजागर नहीं किया गया, जिससे रहस्य और भी गहरा गया।

सोशल मीडिया पर चला मेजर मोहित शर्मा का नाम

फैंस ने कयास लगाया कि रणवीर सिंह का किरदार शायद देश के वीर अधिकारी मेजर मोहित शर्मा पर आधारित है। कुछ यूजर्स ने दावा किया कि उनका लुक और फिल्म की बैकस्टोरी मेजर मोहित शर्मा के साहसिक कारनामों से मिलती-जुलती है।

इन चर्चाओं के बीच मेजर मोहित शर्मा के भाई ने भी एक्स (Twitter) पर इस मुद्दे को उठाते हुए डायरेक्टर आदित्य धर से सीधे पूछा कि क्या रणवीर का किरदार वास्तव में उनके भाई से प्रेरित है? क्योंकि ऐसी कोई जानकारी परिवार को नहीं दी गई।

आदित्य धर का आधिकारिक बयान

अब आदित्य धर ने इस बड़े सवाल पर चुप्पी तोड़ी है और एक्स पर सार्वजनिक जवाब देते हुए लिखा, “नमस्ते महोदय, ‘धुरंधर’ का मेजर मोहित शर्मा से कोई लेना-देना नहीं है। यह एक आधिकारिक बयान है। अगर भविष्य में हम मेजर मोहित शर्मा पर बायोपिक बनाते हैं, तो निश्चित रूप से पहले आप और आपके परिवार की सहमति ली जाएगी। हम ऐसी फिल्म बनाएंगे जो उनके बलिदान और देश के प्रति समर्पण का सम्मान करेगी।” आदित्य धर के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर चल रही सारी अटकलों पर फिलहाल विराम लग गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *