UAE में बैन के बावजूद ‘धुरंधर 2’ का क्रेज, आर माधवन बोले- दुबई से भारत उड़कर आएंगे फैंस

KNEWS DESK – ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘धुरंधर’ के बाद अब दर्शकों की निगाहें इसके सीक्वल ‘धुरंधर: द रीवेंज’ पर टिकी हैं। पहले पार्ट ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई कर रिकॉर्ड बनाए थे, वहीं अब दूसरे भाग से भी वैसी ही उम्मीदें की जा रही हैं। खास बात यह है कि पहले पार्ट को यूएई समेत कुछ अरब देशों में बैन का सामना करना पड़ा था, लेकिन इसके बावजूद फिल्म की लोकप्रियता कम नहीं हुई।

दुबई से भारत आए थे फैंस

फिल्म में अहम भूमिका निभाने वाले आर माधवन ने हाल ही में एक इंटरव्यू में ‘धुरंधर’ को लेकर दर्शकों की दीवानगी का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि यूएई में बैन होने के बावजूद दुबई से कई फैंस सिर्फ फिल्म देखने के लिए भारत आए थे।

माधवन के मुताबिक, “अच्छे कंटेंट की यही ताकत होती है। लोग प्लेन से आए, फिल्म देखी और वापस चले गए।” उन्होंने दावा किया कि ‘धुरंधर 2’ के साथ भी ऐसा ही नजारा देखने को मिल सकता है।

बिज़नेस मीटिंग के बहाने फिल्म!

माधवन ने यह भी कहा कि यूएई के कुछ दर्शक 19 मार्च के आसपास अपनी बिज़नेस मीटिंग्स भारत में प्लान कर रहे हैं, क्योंकि उसी समय ‘धुरंधर: द रीवेंज’ रिलीज़ हो रही है। उनका कहना है कि लोग फिल्म को थिएटर में सामूहिक रूप से देखने का अनुभव चाहते हैं।

उन्होंने इसे डांडिया खेलने से तुलना करते हुए कहा कि कुछ अनुभव घर पर अकेले नहीं लिए जा सकते।

बदलता सिनेमा और नई सोच

इंटरव्यू में माधवन ने भारत-पाकिस्तान युद्ध और स्वतंत्रता संग्राम पर बनने वाली फिल्मों के ट्रेंड पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी अब नई कहानियां देखना चाहती है और पारंपरिक संघर्ष आधारित नैरेटिव से आगे बढ़ना चाहती है।

उनका मानना है कि ‘धुरंधर’ जैसी फिल्में एक नए एक्शन स्पेस की शुरुआत कर सकती हैं।

दमदार स्टारकास्ट और मल्टीलिंगुअल रिलीज़

‘धुरंधर’ और उसके सीक्वल का निर्देशन आदित्य धर ने किया है। फिल्म में रणवीर सिंह, संजय दत्त, अक्षय खन्ना और अर्जुन रामपाल जैसे सितारे नजर आएंगे।

पहला पार्ट केवल हिंदी में रिलीज़ हुआ था, लेकिन ‘धुरंधर: द रीवेंज’ को हिंदी के साथ-साथ तेलुगू, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में भी रिलीज़ करने की तैयारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *