बैन के बाद भी पाकिस्तान में ‘धुरंधर’ की धूम! यूट्यूबर ने खोली पोल

KNEWS DESK – रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचाने के बाद अब ओटीटी पर भी रिकॉर्ड तोड़ रही है। दुनियाभर में 1300 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर चुकी इस फिल्म का जलवा थमने का नाम नहीं ले रहा। खास बात ये है कि जिन देशों में फिल्म पर आधिकारिक रोक है, वहां भी इसका क्रेज कम नहीं हुआ है।

नेटफ्लिक्स पर ट्रेंडिंग, पाकिस्तान में जबरदस्त चर्चा

‘धुरंधर’ के नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होते ही यह ग्लोबल ट्रेंडिंग चार्ट में टॉप पर पहुंच गई। पाकिस्तान में भी लोग इसे बड़ी संख्या में देख रहे हैं। सोशल मीडिया पर फिल्म के गानों और डायलॉग्स पर रील्स बनती दिखाई दे रही हैं।

हालांकि, पाकिस्तान में भारतीय फिल्मों पर आधिकारिक बैन है, लेकिन इसके बावजूद फिल्म वहां चर्चा में बनी हुई है।

कराची मार्केट से वायरल हुआ वीडियो

न्यूजीलैंड के यूट्यूबर कार्ल रॉक (KARL ROCK) ने हाल ही में एक वीडियो शेयर किया, जिसमें दावा किया गया कि कराची के एक लोकप्रिय बाजार में ‘धुरंधर’ समेत कई भारतीय फिल्मों की पायरेटेड डीवीडी खुलेआम बेची जा रही हैं।

वीडियो में बताया गया कि ‘धुरंधर’ की पायरेटेड कॉपी सिर्फ 50 पाकिस्तानी रुपये (करीब 16 भारतीय रुपये) में मिल रही है। कार्ल ने अपनी वीडियो में यह भी जिक्र किया कि रणवीर सिंह का पारिवारिक संबंध सिंध से रहा है और उनके दादा-दादी बंटवारे के समय पाकिस्तान से भारत आए थे।

12 दिन में लाखों डाउनलोड!

रिपोर्ट्स के मुताबिक, रिलीज के महज 12 दिनों के भीतर फिल्म को पाकिस्तान में कथित तौर पर 2 मिलियन से ज्यादा बार गैरकानूनी तरीके से डाउनलोड किया गया।

फिल्म की कहानी में आतंकवाद और पाकिस्तान के अंदरूनी संघर्ष जैसे संवेदनशील मुद्दों को दिखाया गया है, जिसकी वजह से वहां इसे बैन किया गया था। बावजूद इसके, दर्शकों की दिलचस्पी कम नहीं हुई।

जैसे ही यह वीडियो X (पूर्व ट्विटर) पर वायरल हुआ, भारतीय यूजर्स ने तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दीं। कुछ ने हैरानी जताई कि “क्या अब भी DVD का जमाना है?” तो कुछ ने सवाल उठाया कि “क्या वहां की सरकार इसे रोक नहीं पा रही?”

इसी बीच ‘धुरंधर पार्ट 2’ को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। कहा जा रहा है कि सीक्वल में रणवीर सिंह का किरदार और भी बड़े स्तर पर दिखेगा, जहां वह ‘ल्यारी का किंग’ बनने की जंग लड़ते नजर आएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *