दीपिका पादुकोण बनीं देश की मेंटल हेल्थ एंबेसडर, वर्ल्ड मेंटल हेल्थ डे 2025 पर लोगों को करेंगी जागरूक

KNEWS DESK – 10 अक्टूबर को दुनियाभर में वर्ल्ड मेंटल हेल्थ डे 2025 मनाया जाता है। इस मौके पर मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इस वर्ष इस मौके पर बॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण को देश का मेंटल हेल्थ एंबेसडर बनाया गया है।

दीपिका पादुकोण और मानसिक स्वास्थ्य

फिल्मी दुनिया में दीपिका पादुकोण ने अपने दमदार अभिनय से लोगों के दिलों में खास जगह बनाई है। इसके साथ ही दीपिका मानसिक स्वास्थ्य के मुद्दों पर खुलकर बात करती रही हैं। एक्ट्रेस खुद मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी चुनौतियों का सामना कर चुकी हैं और इस अनुभव के माध्यम से लोगों को समय पर मदद लेने के लिए प्रेरित करती हैं।

दीपिका अब सरकार के साथ मिलकर मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूकता फैलाने और लोगों को सहायता लेने के लिए प्रोत्साहित करेंगी।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने किया Tele MANAS ऐप लॉन्च

इस मौके पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने Tele MANAS ऐप का नया वर्जन लॉन्च किया। यह ऐप मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों की मदद के लिए डिज़ाइन किया गया है। नए वर्जन में कई महत्वपूर्ण फीचर्स जोड़े गए हैं, जैसे मल्टी-लिंगुअल इंटरफेस, चैटबॉट फीचर और इमरजेंसी मॉड्यूल है|

इन सुविधाओं की मदद से जरूरतमंद लोग समय पर मदद पा सकेंगे। जेपी नड्डा ने कहा, “एक स्वस्थ मन से ही स्वस्थ शरीर बनता है। जब मन और शरीर दोनों स्वस्थ हों, तभी देश भी स्वस्थ बनता है।”

स्वास्थ्य मंत्री ने इस अवसर पर कहा,”दीपिका पादुकोण का इस अभियान से जुड़ना इसे और मजबूत बनाएगा। वह लोगों को मानसिक स्वास्थ्य पर खुलकर बात करने और समय पर मदद लेने के लिए प्रेरित करेंगी।”