गोविंदा-सुनीता के रिश्ते पर बेटी टीना का बड़ा खुलासा, बोलीं – ‘पिछले दो साल में बहुत उतार-चढ़ाव आए’

KNEWS DESK – बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा अक्सर अपने रिश्ते को लेकर सुर्खियों में रहते हैं। पिछले कुछ समय से दोनों के बीच मनमुटाव और तलाक की खबरें भी सामने आती रही हैं। इसी बीच अब उनकी बेटी टीना आहूजा ने इन चर्चाओं पर खुलकर अपनी बात रखी है और परिवार के मुश्किल दौर का जिक्र किया है।

व्लॉग में सामने आई टीना की प्रतिक्रिया

हाल ही में टीना आहूजा ने अपनी मां सुनीता आहूजा के यूट्यूब व्लॉग को होस्ट किया। इस दौरान उन्होंने न सिर्फ अपनी मां के लिए खास सरप्राइज प्लान किया, बल्कि माता-पिता के रिश्ते को लेकर चल रही चर्चाओं पर भी प्रतिक्रिया दी।

टीना ने कहा कि भारतीय महिलाएं अक्सर दूसरों के लिए बहुत कुछ करती हैं, लेकिन खुद के बारे में कम सोचती हैं। इसी वजह से उन्होंने अपनी मां के लिए कुछ खास करने का फैसला किया।

‘पिछले दो साल आसान नहीं रहे’

व्लॉग में टीना ने परिवार के कठिन समय का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले दो साल उनकी फैमिली के लिए आसान नहीं रहे। उन्होंने बताया कि इस दौरान जिंदगी में कई उतार-चढ़ाव आए, लेकिन परिवार ने मिलकर हर परिस्थिति का सामना किया।

मां के लिए खरीदा खास गिफ्ट

वीडियो में टीना ने अपनी मां के लिए एक खास गिफ्ट खरीदा और उन्हें दिया। गिफ्ट मिलने के बाद सुनीता आहूजा भी भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा कि उन्होंने जिंदगी में अपने सभी फर्ज निभा लिए हैं और अब वह अपने लिए जीना चाहती हैं।

सुनीता ने कहा कि अब वह अपनी जिंदगी को खुलकर और सम्मान के साथ जीना चाहती हैं क्योंकि वह इसकी हकदार हैं।

सुनीता ने लगाए थे अफेयर के आरोप

गौरतलब है कि हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान सुनीता आहूजा ने गोविंदा पर दूसरी अभिनेत्री के साथ अफेयर का आरोप लगाया था। इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं।

हालांकि, गोविंदा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा था कि उन्होंने अपने करियर में कई अभिनेत्रियों के साथ काम किया है, लेकिन किसी के साथ भी उनका ऐसा कोई रिश्ता नहीं रहा। उन्होंने यह भी कहा कि उनके खिलाफ साजिश रची जा रही है और उनकी फैमिली को भड़काने की कोशिश की जा रही है।

जब सोशल मीडिया पर गोविंदा और सुनीता के तलाक की खबरें वायरल हुई थीं, तब सुनीता ने खुद सामने आकर इन अफवाहों को खारिज किया था। उन्होंने साफ कहा था कि कोई भी उन्हें और गोविंदा को अलग नहीं कर सकता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *