KNEWS DESK – सनी देओल की फिल्म ‘बॉर्डर 2’ बॉक्स ऑफिस पर मजबूती से टिकी हुई है। रिलीज के 20 दिन बाद भी फिल्म की कमाई जारी है, हालांकि शुरुआती दिनों की तुलना में रफ्तार थोड़ी धीमी हुई है। दूसरी ओर रानी मुखर्जी की ‘मर्दानी 3’ भी सिनेमाघरों में 13 दिनों से दर्शकों का ध्यान खींच रही है, लेकिन कमाई के मामले में वह ‘बॉर्डर 2’ से काफी पीछे नजर आ रही है।
‘बॉर्डर 2’ की दमदार पकड़
Sacnilk की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘बॉर्डर 2’ ने रिलीज के 20वें दिन 1.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इसके साथ ही फिल्म का भारत में कुल कलेक्शन 316 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। वहीं वर्ल्डवाइड स्तर पर फिल्म 432.1 करोड़ रुपये की कमाई कर चुकी है।
देशभक्ति और दमदार एक्शन से भरपूर इस फिल्म को दर्शकों का लगातार समर्थन मिल रहा है। ट्रेड एनालिस्ट्स का मानना है कि आने वाले वीकेंड पर फिल्म की कमाई में फिर से उछाल देखने को मिल सकता है।
‘मर्दानी 3’ की रफ्तार धीमी
रानी मुखर्जी स्टारर ‘मर्दानी 3’ की बात करें तो फिल्म की कमाई में गिरावट दर्ज की गई है। 13वें दिन फिल्म ने 1.10 करोड़ रुपये का बिजनेस किया। भारत में अब तक फिल्म का कुल कलेक्शन 39.80 करोड़ रुपये हो चुका है, जबकि वर्ल्डवाइड कलेक्शन 58.9 करोड़ रुपये तक पहुंचा है।
हालांकि कमाई के आंकड़े अपेक्षाकृत कम हैं, लेकिन फिल्म में रानी मुखर्जी की परफॉर्मेंस की सोशल मीडिया पर काफी तारीफ हो रही है। दर्शक उनके दमदार किरदार को पसंद कर रहे हैं।
स्टारकास्ट का जलवा
‘बॉर्डर 2’ में सनी देओल के साथ वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी लीड रोल में नजर आ रहे हैं। इनके अलावा मोना सिंह, मेधा राणा, सोनम बाजवा और आन्या सिंह भी अहम भूमिकाओं में दिखाई दे रहे हैं। फिल्म की स्टारकास्ट और बड़े पैमाने पर बने युद्ध दृश्यों को खूब सराहा जा रहा है। वहीं ‘मर्दानी 3’ में रानी मुखर्जी के साथ मल्लिका प्रसाद मुख्य भूमिका में हैं, जिन्होंने विलेन का किरदार निभाया है।