KNEWS DESK – लंबे इंतजार के बाद अक्षय कुमार एक बार फिर अपने पसंदीदा जॉनर हॉरर कॉमेडी में वापसी करने जा रहे हैं। उनकी अपकमिंग फिल्म भूत बंगला को लेकर फैंस में जबरदस्त एक्साइटमेंट है। मेकर्स ने फिलहाल इसकी रिलीज डेट 10 अप्रैल 2026 तय की है, हालांकि इंडस्ट्री में चर्चा है कि फिल्म को 17 अप्रैल तक आगे बढ़ाया जा सकता है।
महाकाल के दरबार पहुंचे अक्षय कुमार
फिल्म रिलीज से पहले अक्षय कुमार आशीर्वाद लेने महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग पहुंचे। इस दौरान उनके साथ उनकी सास और दिग्गज अभिनेत्री डिंपल कपाड़िया भी नजर आईं। खास बात यह रही कि उनके साथ टाइगर श्रॉफ भी उज्जैन पहुंचे और दोनों ने साथ मिलकर पूजा-अर्चना की।
सफेद कुर्ता-पजामा पहने अक्षय कुमार पूरी श्रद्धा में डूबे दिखाई दिए। उन्होंने नंदी महाराज की पूजा की और परंपरा के अनुसार उनके कान में अपनी मनोकामना भी कही। मान्यता है कि नंदी के कान में कही गई इच्छा सीधे भगवान शिव तक पहुंचती है।
देश और परिवार के लिए मांगी दुआ
दर्शन के बाद अक्षय कुमार ने कहा कि उन्होंने अपने परिवार और पूरे देश की तरक्की के लिए प्रार्थना की है। उन्होंने कामना की कि भारत लगातार प्रगति करता रहे और हर क्षेत्र में आगे बढ़े। वहीं टाइगर श्रॉफ भी इस दौरान भक्ति में लीन नजर आए और उन्होंने भी नंदी के कान में अपनी इच्छा व्यक्त की।
फिर हिट की तलाश में अक्षय
पिछला साल अक्षय कुमार के लिए अच्छा रहा, लेकिन फैंस अब भी उनकी एक बड़ी ब्लॉकबस्टर का इंतजार कर रहे हैं। ‘भूत बंगला’ से उम्मीद है कि वह एक बार फिर बॉक्स ऑफिस पर धमाका करेंगे।
अक्षय कुमार के पास इस साल कई बड़े प्रोजेक्ट्स हैं। वह जल्द ही हैवान में नजर आएंगे, जिसे प्रियदर्शन डायरेक्ट कर रहे हैं। इसके अलावा उनकी मल्टीस्टारर फिल्म वेलकम टू द जंगल भी चर्चा में है। इस फिल्म के एक गाने की शूटिंग पहले दुबई में होनी थी, लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए अब इसे मुंबई में शूट किया जाएगा।