KNEWS DESK- आयुष्मान खुराना ने हाल ही में फिल्म धुरंधर द रिवेंज देखी और इसके बाद सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया साझा की। फिल्म में रणवीर सिंह के दमदार अभिनय ने उन्हें खासा प्रभावित किया।
आयुष्मान ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर फिल्म और इसके निर्देशक आदित्य धर की जमकर तारीफ की। उन्होंने लिखा कि फिल्म देखने के तीन दिन बाद भी वह इसकी कहानी और प्रभाव से बाहर नहीं निकल पाए हैं।
आयुष्मान खुराना ने रणवीर सिंह को “हिंदी सिनेमा का शेर” बताते हुए उनकी परफॉर्मेंस की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि रणवीर ने अपने किरदारों में जबरदस्त ऊर्जा और गहराई दिखाई है, जो फिल्म को एक अलग स्तर पर ले जाती है।
इसके साथ ही उन्होंने फिल्म की पूरी स्टारकास्ट की तारीफ की, जिसमें अर्जुन रामपाल, आर माधवन, सारा अर्जुन, राकेश बेदी और गौरव गेरा शामिल हैं। आयुष्मान ने यह भी कहा कि हिंदी सिनेमा एक बार फिर अपने शिखर की ओर बढ़ता नजर आ रहा है।
फिल्म में रणवीर सिंह डबल रोल में नजर आए हैं—हमजा अली मजारी और जसकीरत सिंह रांगी। वहीं राकेश बेदी ने जमील जमाली, सारा अर्जुन ने यालीना जमाली, अर्जुन रामपाल ने मेजर इकबाल और आर माधवन ने अजय सान्याल का किरदार निभाया है।
इसके अलावा संजय दत्त एसपी चौधरी असलम के रोल में दिखाई दिए, जबकि गौरव गेरा ने आलम और दानिश पंडोर ने उजैर बलोच का किरदार निभाया।

धुरंधर 2 ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत की। फिल्म ने पहले दिन 102.55 करोड़ रुपये की कमाई की, जबकि दूसरे दिन 80.72 करोड़ और तीसरे दिन करीब 113 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया।
पेड प्रीव्यू शोज से भी फिल्म ने लगभग 43 करोड़ रुपये कमाए। भारत में कुल कलेक्शन 339 करोड़ रुपये से ज्यादा हो चुका है, जबकि दुनियाभर में फिल्म 500 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है।