शाहरुख खान की ‘चक दे इंडिया’ को लेकर अन्नू कपूर ने की टिप्पणी , कहा – ‘मुसलमान को अच्छा दिखाना है और पंडित का…’

KNEWS DESK – बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता अन्नू कपूर, जो अपने दमदार अभिनय के साथ-साथ बेबाक बयानों के लिए भी चर्चाओं में रहते हैं, एक बार फिर से सुर्खियों में हैं। हाल ही में उनका एक इंटरव्यू वायरल हुआ है, जिसमें उन्होंने शाहरुख खान की 2007 की सुपरहिट फिल्म ‘चक दे! इंडिया’ पर विवादित टिप्पणी की है। इस बयान के बाद शाहरुख खान के फैंस में नाराजगी देखी जा रही है और अन्नू कपूर को सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल किया जा रहा है।

Annu Kapoor breaks silence on his heart attack | Bollywood - Hindustan Times

अन्नू कपूर का बयान और विवाद की शुरुआत

वायरल हो रहे इस वीडियो में अन्नू कपूर से ‘गंगा जमुनी तहजीब’ और समाज में कला की भूमिका के बारे में सवाल किया गया। जब उनसे पूछा गया कि क्या कला (आर्ट) समाज में बदलाव ला सकती है, तो उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा, “आर्ट कभी क्रांति नहीं लाता, आम आदमी क्रांति लाता है।” इस दौरान उन्होंने शाहरुख खान की फिल्म ‘चक दे! इंडिया’ का जिक्र करते हुए कहा, “मेरी एक फिल्म थी, जिसका नाम था ‘चक दे! इंडिया’। इसकी कहानी हमारे देश के एक बहुत बड़े कोच श्री नेगी साहब की जिंदगी पर आधारित है। लेकिन भारत के अंदर ये हमेशा होता है कि मुसलमान को अच्छा दिखाना है और पंडित का मजाक बनाना है।”

शाहरुख खान के फैंस में नाराजगी

अन्नू कपूर के इस बयान ने इंटरनेट पर बवाल मचा दिया है। शाहरुख खान के फैंस को यह बयान बिल्कुल भी पसंद नहीं आया और उन्होंने सोशल मीडिया पर अन्नू कपूर को जमकर ट्रोल करना शुरू कर दिया। फैंस का कहना है कि ‘चक दे! इंडिया’ एक प्रेरणादायक फिल्म है, जिसमें समाज और खेल की भावनाओं को बखूबी दर्शाया गया है, और इसे किसी धर्म या जाति के नजरिए से देखना गलत है।

‘चक दे! इंडिया’ की सफलता और विरासत

2007 में रिलीज हुई ‘चक दे! इंडिया’, शाहरुख खान के करियर की सबसे यादगार फिल्मों में से एक मानी जाती है। शिमित अमीन द्वारा निर्देशित इस फिल्म में शाहरुख खान ने भारतीय महिला हॉकी टीम के कोच कबीर खान की भूमिका निभाई थी, जिसने दर्शकों के दिलों पर अमिट छाप छोड़ी। विद्या मालवडे, शिल्पा शुक्ला, सागरिका घाटगे, और चित्राशी रावत जैसे कलाकारों ने भी फिल्म में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाईं।

फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार प्रदर्शन किया और 20 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने 106 करोड़ रुपये की कमाई की थी। ‘चक दे! इंडिया’ ने न केवल बॉक्स ऑफिस पर सफलता हासिल की, बल्कि इसे खेल और राष्ट्रवाद की भावना को दर्शाने के लिए भी सराहा गया। हाल ही में, 2024 में इस फिल्म को सिनेमाघरों में दोबारा रिलीज किया गया, जिससे यह फिल्म नई पीढ़ी तक भी पहुंच सकी।

अन्नू कपूर का ट्रोलिंग का सामना

अन्नू कपूर अपने बयानों के कारण अक्सर विवादों में रहते हैं, और इस बार भी ऐसा ही हुआ। शाहरुख खान के फैंस ने उन्हें सोशल मीडिया पर आड़े हाथों लिया। कई फैंस ने उनके बयान को “धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला” और “अनुचित” बताया है। हालांकि, कुछ लोग अन्नू कपूर की बात को उनके व्यक्तिगत नजरिए से देख रहे हैं, लेकिन विवाद थमता नजर नहीं आ रहा।

About Post Author

Leave a Reply

Your email address will not be published.