KNEWS DESK – लंदन में रविवार रात आयोजित British Academy Film Awards (BAFTA) 2026 में इस बार बॉलीवुड की खास मौजूदगी देखने को मिली। आलिया भट्ट से लेकर फरहान अख्तर तक, कई भारतीय सितारों ने इस प्रतिष्ठित समारोह में शिरकत की।
जहां एक ओर फरहान अख्तर के प्रोडक्शन हाउस तले बनी मणिपुरी फिल्म ‘बूंग’ को बेस्ट चिल्ड्रन एंड फैमिली फिल्म कैटेगरी में सम्मान मिला, वहीं आलिया भट्ट ने पहली बार BAFTA के मंच पर अवॉर्ड प्रेजेंट कर इतिहास रच दिया।
रेड कार्पेट पर आलिया का ग्लैमरस अंदाज
आलिया भट्ट सिल्वर शिमरी बैकलेस गूची गाउन में रेड कार्पेट पर उतरीं। उनका एलिगेंट और कॉन्फिडेंट अंदाज देखते ही बन रहा था। यह BAFTA में उनकी पहली उपस्थिति थी और उन्होंने अपने लुक से अंतरराष्ट्रीय मीडिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

मंच पर ‘नमस्कार’ से की शुरुआत
होस्ट Alan Cumming ने जब आलिया को मंच पर बुलाया, तो उन्होंने दर्शकों का “नमस्कार” कहकर अभिवादन किया। इसके बाद उन्होंने हिंदी में अपनी स्पीच शुरू की और फिर उसे अंग्रेजी में अनुवाद कर सभी को समझाया।
आलिया ने कहा, “नमस्कार, अगला अवॉर्ड एक ऐसी फिल्म को जाता है, जो हिंदी में नहीं है। आप सबटाइटल पर ना जाएं…”
इसके बाद उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि फिल्में अलग-अलग भाषाओं में बनती हैं, लेकिन सिनेमा की भाषा सब समझते हैं। उनके इस अंदाज ने दर्शकों का दिल जीत लिया।
किसे मिला बेस्ट नॉन-इंग्लिश फिल्म अवॉर्ड?
आलिया भट्ट ने बेस्ट नॉन-इंग्लिश लैंग्वेज फिल्म का पुरस्कार नॉर्वेजियन पारिवारिक ड्रामा Sentimental Value को दिया, जिसका निर्देशन Joachim Trier ने किया है।
इस फिल्म ने ‘It Was Just an Accident’, ‘The Secret Agent’, ‘Sirat’ और ‘The Voice of Hind Rajab’ जैसी फिल्मों को पीछे छोड़ते हुए यह सम्मान अपने नाम किया।
सोशल मीडिया पर छाईं आलिया
आलिया के हिंदी में भाषण देने के अंदाज की सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है। फैंस ने कमेंट्स में लिखा कि “हमें आप पर गर्व है” और “BAFTA के मंच पर हिंदी सुनना ऐतिहासिक पल है।” उनके इस कदम को भारतीय सिनेमा और भाषा के वैश्विक प्रतिनिधित्व के रूप में देखा जा रहा है।
आने वाले प्रोजेक्ट्स
वर्कफ्रंट की बात करें तो आलिया भट्ट जल्द ही Sanjay Leela Bhansali की फिल्म Love & War में नजर आएंगी, जिसमें उनके साथ Ranbir Kapoor और Vicky Kaushal भी अहम भूमिकाओं में हैं। इसके अलावा वह यशराज फिल्म्स की स्पाई यूनिवर्स फिल्म Alpha में लीड रोल निभा रही हैं, जिसमें Sharvari Wagh भी महत्वपूर्ण किरदार में दिखाई देंगी।