KNEWS DESK – बॉलीवुड अभिनेत्री अदा शर्मा की भगवान शिव में गहरी आस्था है। महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर अदा ने अपने प्रशंसकों को खास अंदाज में बधाई दी। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह स्वयं ‘शिव तांडव स्तोत्र’ का पाठ कर रही हैं। उनकी यह प्रस्तुति सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और शिव भक्तों के बीच काफी सराही जा रही है।
शिव स्तोत्र की प्रस्तुति से मंत्रमुग्ध हुए प्रशंसक
अदा शर्मा ने इस वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा, आप सभी को महाशिवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं। शिव तांडव स्तोत्र का पाठ करने से जो ऊर्जा और शक्ति महसूस होती है, वह अविश्वसनीय है। अदा के फैंस उनके इस आध्यात्मिक अंदाज को खूब पसंद कर रहे हैं।
यह पहली बार नहीं है जब अदा शर्मा ने भगवान शिव से जुड़ी कोई पोस्ट साझा की हो। इससे पहले भी वह कई बार शिव भक्ति से जुड़े पोस्ट और वीडियो शेयर कर चुकी हैं। हाल ही में उन्होंने महाशिवरात्रि की तैयारियों को लेकर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें वह अपनी मां से महेश्वर सूत्र सीखती नजर आईं।
क्या है महेश्वर सूत्र?
महेश्वर सूत्र संस्कृत भाषा के 14 महत्वपूर्ण छंदों का एक संग्रह है, जिसे ऋषि पाणिनि ने भगवान शिव के डमरू से निकली ध्वनियों से प्राप्त किया था। यह सूत्र ध्यान और एकाग्रता को बढ़ाने में सहायक माने जाते हैं। अदा ने अपने फॉलोअर्स को इस प्राचीन मंत्र को सीखने के लिए प्रेरित करते हुए लिखा, महाशिवरात्रि के लिए आप भी मेरे साथ सीखिए महेश्वर सूत्र। यह आपकी बुद्धि को तेज करेगा और फोकस बढ़ाएगा।
वर्कफ्रंट
फिल्मों की बात करें तो अदा शर्मा जल्द ही महेश भट्ट की अपकमिंग फिल्म तुमको मेरी कसम’ में नजर आएंगी। इस फिल्म में उनके साथ अनुभवी कलाकार अनुपम खेर, ईशा देओल और इश्वाक सिंह भी अहम भूमिकाओं में होंगे। यह फिल्म 21 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।