KNEWS DESK – बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता प्रेम चोपड़ा पिछले कुछ समय से अपनी सेहत को लेकर सुर्खियों में बने हुए थे। 8 नवंबर को उन्हें मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हार्ट से जुड़ी गंभीर समस्या के चलते उनके चाहने वाले काफी चिंतित थे, लेकिन अब उनके परिवार ने राहत भरी खबर दी है। अभिनेता के दामाद और अभिनेता शरमन जोशी ने उनकी हेल्थ को लेकर अहम अपडेट साझा किया है।
बिना ओपन सर्जरी के हुआ हार्ट का बड़ा इलाज
शरमन जोशी ने इंस्टाग्राम पर बताया कि प्रेम चोपड़ा को Severe Aortic Stenosis नाम की गंभीर हृदय संबंधी बीमारी का पता चला था। इस बीमारी में दिल का Aortic Valve संकरा हो जाता है, जिससे हार्ट से शरीर तक ब्लड फ्लो बाधित हो जाता है। इसके चलते सांस फूलना, सीने में दर्द और अचानक बेहोशी जैसे लक्षण दिखते हैं।
इसका इलाज TAVI (Transcatheter Aortic Valve Implantation) प्रक्रिया से किया गया। यह एक आधुनिक और बेहद जटिल तकनीक है, जिसमें बिना ओपन हार्ट सर्जरी के ही वाल्व को बदला जाता है। इस प्रक्रिया से रिकवरी भी तेज होती है और मरीज को बड़ा चीरा या लंबा ऑपरेशन झेलना नहीं पड़ता।
शरमन जोशी ने जताया डॉक्टर्स के प्रति आभार
शरमन जोशी ने अपनी पोस्ट में डॉ. नितिन गोखले और डॉ. रविंदर सिंह राव का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने लिखा कि डॉक्टरों की विशेषज्ञता और टीम के सहयोग से प्रेम चोपड़ा का इलाज बेहद सहज तरीके से हो गया और अब वे घर लौटकर आराम कर रहे हैं। जोशी ने बताया कि दिग्गज अभिनेता अब पहले से बेहतर महसूस कर रहे हैं और रिकवरी के चरण में हैं।
6 दशक का शानदार करियर
90 वर्ष की उम्र में भी प्रेम चोपड़ा सक्रिय कलाकार हैं। अब तक 380 से ज्यादा फिल्मों में अभिनय कर चुके हैं। अपनी मजबूत स्क्रीन प्रेजेंस और दमदार निगेटिव किरदारों के लिए मशहूर रहे हैं। उन्होंने साल 1962 में फिल्म ‘विद्या’ से करियर की शुरुआत की थी। हाल ही में वे 2024 में टीवी सीरीज ‘शोटाइम’ और फिल्म ‘एनिमल’ में नजर आए थे।
प्रेम चोपड़ा आज भी इंडस्ट्री के सबसे सम्मानित और प्रिय कलाकारों में शामिल हैं। उनकी सेहत में सुधार की खबर ने फैंस और फिल्म जगत, दोनों को राहत दी है।