10-12 घंटे का मेकअप, सख्त डाइट और बदली आवाज… दानिश इकबाल ने ऐसे रचा ‘धुरंधर 2’ के बड़े साब का किरदार

KNEWS DESK – Ranveer Singh स्टारर ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस और सोशल मीडिया पर छाई हुई है। फिल्म में जहां रणवीर सिंह का दमदार एक्शन अवतार चर्चा में है, वहीं एक और किरदार ने दर्शकों का खास ध्यान खींचा है, ‘बड़े साब’। इस रोल को निभाया है एक्टर Danish Iqbal ने, जिन्होंने अपनी शानदार परफॉर्मेंस से सबको चौंका दिया है।

‘बड़े साब’ बनने के लिए करनी पड़ी जबरदस्त मेहनत

हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में Danish Iqbal ने खुलासा किया कि इस किरदार में ढलना उनके लिए बिल्कुल भी आसान नहीं था। उन्होंने बताया कि हर दिन उन्हें ‘बड़े साब’ के लुक में आने के लिए करीब 10 से 12 घंटे मेकअप चेयर पर बिताने पड़ते थे।

जब बाकी स्टार्स शूट की तैयारी करते थे, तब तक दानिश अपने किरदार में ढलने की लंबी प्रक्रिया से गुजर रहे होते थे। यही वजह है कि वह सेट पर सबसे पहले पहुंचते थे, ताकि हर डिटेल पर काम किया जा सके।

भारी गेटअप ने बढ़ाई मुश्किलें

‘बड़े साब’ का लुक सिर्फ समय लेने वाला ही नहीं, बल्कि काफी चुनौतीपूर्ण भी था। Danish Iqbal ने बताया कि भारी गेटअप के चलते उन्हें ठीक से खाना-पीना भी मुश्किल हो जाता था। ज्यादा मूवमेंट करना भी आसान नहीं था, जिससे शूटिंग के दौरान कई दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।

उन्होंने इस अनुभव को दिलचस्प अंदाज में बताते हुए कहा कि यह ऐसा था जैसे वह रमजान पहले ही शुरू कर चुके हों—यानि उन्हें अपने खान-पान और दिनचर्या पर पूरी तरह नियंत्रण रखना पड़ता था।

आवाज और बॉडी लैंग्वेज में भी बदलाव

सिर्फ लुक ही नहीं, बल्कि Danish Iqbal को अपने किरदार के लिए आवाज और बॉडी लैंग्वेज पर भी खास काम करना पड़ा। फिल्म में उनका किरदार एक कमजोर और बीमार शख्स का है, जिसके लिए उन्होंने अपनी आवाज को धीमा और थका हुआ बनाया।

इस तरह के किरदार को निभाना आसान नहीं होता, क्योंकि इसमें सिर्फ डायलॉग डिलीवरी नहीं, बल्कि हर एक्सप्रेशन, हर सांस और हर मूवमेंट पर बारीकी से काम करना पड़ता है।

दर्शकों का मिल रहा भरपूर प्यार

Danish Iqbal ने कहा कि इस किरदार को निभाना उनके करियर के लिए बड़ा मौका था। आज जब दर्शक उनके काम की तारीफ कर रहे हैं, तो यह उनके लिए सबसे बड़ी खुशी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *