तेजस्वी यादव का नीतीश-मोदी पर तीखा वार, पोस्टर के ज़रिए पूछे बिहार के 10 बड़े सवाल

KNEWS DESK- बिहार विधानसभा चुनावों की सुगबुगाहट के बीच राज्य की राजनीति फिर गर्मा गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोलते हुए सोशल मीडिया पर एक पोस्टर साझा किया, जिसमें उन्होंने 10 सवालों के ज़रिए सरकार की नीतियों और कामकाज पर सवाल उठाए हैं।

तेजस्वी ने जनता से आह्वान करते हुए कहा कि यदि कोई वोट मांगने आए तो इन 10 सवालों को ज़रूर पूछें। उन्होंने आरोप लगाया कि इन सवालों का जवाब खुद नीतीश सरकार के विधायक या मंत्री भी नहीं दे पाएंगे।

तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर एक पोस्टर साझा किया, जिसमें नीतीश कुमार और नरेंद्र मोदी की तस्वीरों के साथ लिखा गया “दो पीढ़ियों का जीवन बर्बाद करने वाली 20 वर्षों की नीतीश-मोदी सरकार और 11 वर्षों की डबल इंजन सरकार से ये 10 सवाल जरूर पूछना।”

ये हैं तेजस्वी यादव के 10 सवाल-

  1. बिहार सबसे गरीब राज्य क्यों है?
  2. बिहार में महिलाएं असुरक्षित क्यों हैं?
  3. बिहार में स्वास्थ्य व्यवस्था बेकार क्यों है?
  4. बिहार में इतना अपराध क्यों है?
  5. बिहार में इतना भ्रष्टाचार क्यों है?
  6. बिहार में इतनी बेरोज़गारी क्यों है?
  7. बिहार में पलायन की मजबूरी क्यों है?
  8. बिहार में स्कूल भवन क्यों नहीं बने?
  9. बिहार में नए उद्योग-धंधे क्यों स्थापित नहीं हुए?
  10. बिहार की शिक्षा व्यवस्था चौपट क्यों है?

तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार की जनता पिछले दो दशकों से नीतीश-मोदी शासन में सिर्फ वादे और जुमले ही सुनती आ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह “डबल इंजन सरकार” जनता के जीवन स्तर में कोई ठोस सुधार नहीं ला सकी है।

उन्होंने लिखा, विधानसभा चुनावों को देखते हुए राजद (RJD) ने अब आक्रामक रुख अख्तियार कर लिया है। तेजस्वी यादव खुद लगातार सोशल मीडिया, प्रेस कॉन्फ्रेंस और सभाओं के ज़रिए सरकार को घेरने की रणनीति पर काम कर रहे हैं राजनीतिक जानकार मानते हैं कि यह पोस्टर जमीनी मुद्दों को केंद्र में लाने की कोशिश है, जिससे आम मतदाता सीधे जुड़ सके।