प्रियंका गांधी का पीएम मोदी पर तीखा वार, “वोट चोरी और संविधान से खिलवाड़ कर रहे हैं मोदी और चुनाव आयोग के अधिकारी”

डिजिटल डेस्क- बिहार विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे आगे बढ़ रहे हैं, वैसे-वैसे सियासी जंग और तीखी होती जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जहां विपक्ष पर जंगलराज और कट्टा-गोली की राजनीति का आरोप लगा रहे हैं, वहीं कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने अब पीएम मोदी और चुनाव आयोग पर बड़ा हमला बोला है। कटिहार जिले में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री अब अपने पद की गरिमा को भी बनाए नहीं रख पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी जी अब अपनी सभाओं में कट्टा, गोली, रंगदारी और फिरौती जैसी बातें करते हैं। यह प्रधानमंत्री के पद की गरिमा के खिलाफ है। असल में इनके पास अब जनता के सामने बोलने के लिए कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए ये भाषा का स्तर गिरा रहे हैं। प्रियंका गांधी ने कहा कि देश की जनता अब प्रधानमंत्री के झूठ को पहचान चुकी है। मोदी जी के झूठ से अब जनता गुमराह नहीं होती। इसलिए अब उन्होंने चुनाव जीतने के लिए ‘वोट चोरी’ का रास्ता अपनाया है।

चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप

प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ-साथ चुनाव आयोग पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी चुनाव आयोग के तीन अधिकारियों ज्ञानेश कुमार, विवेक जोशी और एस.एस. संधू के साथ मिलकर वोट चोरी कर रहे हैं। ये तीनों लोग चुनाव आयोग के शीर्ष पदों पर बैठे हैं और अब लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं।” प्रियंका ने जनसभा में मौजूद लोगों से अपील की कि वे इन नामों को याद रखें। उन्होंने कहा ये वही लोग हैं जो आपके वोट की ताकत छीन रहे हैं। संविधान ने आपको सरकार बनाने की शक्ति दी है, लेकिन भाजपा ने उसे कमजोर करने का काम किया है।

“जनता भाजपा से त्रस्त हो चुकी है”

प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा सरकार ने देश के किसानों और गरीबों की हालत बदतर कर दी है। उन्होंने ललितपुर की एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि एक किसान दो दिन तक खाद के लिए लाइन में लगा रहा, लेकिन सरकार की लापरवाही से उसकी जान चली गई।