प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज करेंगे मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का शुभारंभ, 75 लाख महिलाओं को मिलेगा सीधा लाभ

KNEWS DESK- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को बिहार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का वर्चुअल माध्यम से शुभारंभ करेंगे। इस ऐतिहासिक योजना के तहत राज्य की 75 लाख महिलाओं को सीधे उनके बैंक खातों में ₹10,000 की प्रारंभिक सहायता राशि दी जाएगी। योजना के पहले चरण में कुल ₹7,500 करोड़ की राशि का वितरण किया जा रहा है।

कार्यक्रम का आयोजन सुबह 11 बजे वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया है, जिसमें प्रधानमंत्री महिला लाभार्थियों को भी संबोधित करेंगे। इस दौरान राज्य के 38 जिलों की महिलाओं के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए राशि भेजी जाएगी।

मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना राज्य सरकार की एक प्रमुख पहल है, जिसका उद्देश्य बिहार की महिलाओं को आत्मनिर्भर और स्वरोजगार के योग्य बनाना है। इस योजना के तहत महिलाओं को आजीविका के लिए ₹10,000 का शुरुआती अनुदान प्रदान किया जा रहा है। आने वाले चरणों में पात्र महिलाओं को ₹2 लाख तक की अतिरिक्त वित्तीय सहायता दिए जाने की भी योजना है।

योजना की विशेषताएं

75 लाख महिलाओं को लाभ: योजना का लाभ राज्य की ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की महिलाओं को मिलेगा।

SHG (स्वयं सहायता समूह) से जुड़ाव अनिवार्य: योजना का लाभ पाने के लिए महिलाओं को जीविका से जुड़े स्वयं सहायता समूह (SHG) की सदस्यता लेनी होगी।

सीधा बैंक खाते में ट्रांसफर: पूरी राशि लाभार्थी के बैंक खाते में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से भेजी जाएगी।

प्रशिक्षण और बाजार सहायता: महिलाओं को प्रशिक्षण देने के साथ-साथ उनके उत्पादों की बिक्री के लिए ग्रामीण हाट-बाजारों का विकास किया जाएगा।

सामुदायिक भागीदारी: योजना समुदाय आधारित होगी, जिसमें महिलाओं को स्थानीय संसाधनों और नेटवर्क से जोड़ा जाएगा।

सरकार का कहना है कि यह योजना न केवल आर्थिक रूप से महिलाओं को सशक्त बनाएगी, बल्कि उन्हें स्वरोजगार के अवसर भी प्रदान करेगी। योजना के माध्यम से महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण विकास और गरीबी उन्मूलन जैसे लक्ष्यों को साधा जा रहा है।