डिजिटल डेस्क- बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनजर निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने नीतीश कुमार और चुनावी समीकरणों पर बड़ा बयान दिया है। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद नीतीश कुमार मुख्यमंत्री नहीं बनेंगे, क्योंकि भाजपा उन्हें सम्मान नहीं देगी। जब उनसे पूछा गया कि क्या कांग्रेस उनका सम्मान करेगी, तो पप्पू यादव ने कहा, “बिल्कुल, अगर वे आना चाहते हैं, तो कांग्रेस उनका स्वागत और सम्मान करेगी। पप्पू यादव ने महागठबंधन की एकजुटता को लेकर भी बयान दिया।
अकेला पप्पू यादव पूरे इंडिया पर भारी है
उन्होंने कहा, “अकेला पप्पू यादव पूरे इंडिया पर भारी है। आप घबराइए नहीं। NDA के नेता चुनाव प्रचार में लगे हैं क्या? कोई नहीं कर रहा। चिराग पासवान का खेल क्या चल रहा है? महागठबंधन से सवाल मत पूछिए, भाजपा के नेताओं से सवाल पूछिए। उन लोगों में एकजुटता कहां है? नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री नहीं बनाना चाह रहे हैं, सबसे बड़ा सवाल बिहार में यही है। ”निर्दलीय सांसद ने बिहार की जनता के रुख पर भी कहा कि इस बार NDA को वोट नहीं मिलेगा। उन्होंने मीडिया से कहा, “बिहार की पूरी जनता एक साथ है और एनडीए को वोट नहीं देना चाहती। इस बार वोट महागठबंधन को जाएगा।”
राहुल और प्रियंका छठ पूजा के बाद करेंगी चुनावी रैलियां
इसके अलावा पप्पू यादव ने कांग्रेस नेताओं की बिहार में चुनावी सभाओं के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ छठ पूजा के बाद बिहार में चुनावी सभाएं करेंगे। उन्होंने महागठबंधन के भविष्य को लेकर भी आश्वासन दिया। पप्पू यादव ने कहा, “महागठबंधन मर रहा है या जा रहा है, इसकी चिंता मत कीजिए। महागठबंधन पूरी तरह सक्रिय और तैयार है।” बताते चलें कि बिहार में विधानसभा चुनाव दो चरणों में हो रहे हैं। पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को होगा, जबकि दूसरे चरण के लिए मत 11 नवंबर को डाले जाएंगे। चुनाव नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।