बिहार चुनाव से पहले नीतीश कुमार का भावुक संदेश – ‘बिहारी कहलाना अब अपमान नहीं, सम्मान है’

शिव शंकर सविता- बिहार विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अपने चरम पर है। राज्य में सत्ता की दौड़ जीतने के लिए सभी राजनीतिक दल जनता तक अपनी बात पहुंचाने में जुटे हुए हैं। इसी बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर बिहार के मतदाताओं के लिए एक विशेष वीडियो संदेश जारी किया, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। इस संदेश में उन्होंने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने बिहार को अपमान की स्थिति से निकालकर सम्मान दिलाया है। नीतीश कुमार ने कहा, “जब मुझे बिहार की सत्ता मिली थी, तब ‘बिहारी’ शब्द को लोग अपमानजनक रूप में इस्तेमाल करते थे। लेकिन आज, वर्षों की मेहनत के बाद, वही शब्द गर्व और सम्मान का प्रतीक बन गया है। हमने बिहार को नई पहचान दी है।” उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने जाति, धर्म और क्षेत्र से ऊपर उठकर समाज के हर वर्ग के लिए काम किया है।

हमने महिलाओं का आत्मनिर्भर बनाया- नीतीश कुमार

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में महिला सशक्तिकरण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा, “पहले की सरकारों ने महिलाओं के लिए कुछ नहीं किया, लेकिन हमने उन्हें आत्मनिर्भर बनाया है। अब महिलाएं अपने परिवार, समाज और बच्चों के भविष्य के लिए आत्मविश्वास के साथ काम कर रही हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि आज बिहार में हर घर तक बिजली, सड़क और पेयजल की सुविधा उपलब्ध है। नीतीश कुमार ने केंद्र और राज्य की “डबल इंजन सरकार” की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार ने विकास की नई ऊंचाइयां हासिल की हैं। उन्होंने कहा, “हमने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और रोजगार के क्षेत्र में ठोस सुधार किए हैं। आज बिहार विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।”

6 और 11 को होगा मतदान, 14 को होगी मतगणना

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में मतदाताओं से 6 और 11 नवंबर को एनडीए के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बिहार की प्रगति को बनाए रखने के लिए एनडीए की सरकार का दोबारा आना आवश्यक है। गौरतलब है कि बिहार की 243 विधानसभा सीटों के लिए मतदान दो चरणों में 6 और 8 नवंबर को होगा, जबकि मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी।