अररिया में अमित शाह ने लिया घुसपैठियों को बाहर करने और बिहार को बाढ़ से मुक्ति दिलाने का संकल्प

डिजिटल डेस्क- केंद्रीय गृहमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने शनिवार को फारबिसगंज स्थित हवाई फील्ड मैदान में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। हेलीकॉप्टर से पहुंचे शाह ने नौ जिलों से जुटे करीब पांच हजार कार्यकर्ताओं में जोश भरा और कहा कि भाजपा का असली मालिक कार्यकर्ता ही हैं। शाह ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि लालू प्रसाद यादव और राहुल गांधी जैसे नेताओं की पार्टियां सिर्फ नेताओं के दम पर चुनाव जीतने की कोशिश करती हैं, जबकि भाजपा की ताकत उसके कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए चुनाव सिर्फ सत्ता का खेल नहीं बल्कि घुसपैठियों को बाहर करने का अभियान है। गृहमंत्री ने वादा किया कि यदि कार्यकर्ता NDA को दो-तिहाई बहुमत दिलाते हैं तो बिहार से चुन-चुनकर घुसपैठियों को बाहर किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि यह चुनाव बिहार को बाढ़ की समस्या से मुक्ति दिलाने का चुनाव है।

शाह ने गिनाईं “चार दिवाली”

अमित शाह ने कहा कि इस बार बिहार में चार दिवाली मनाई जाएगी।

  1. पहली दिवाली तब जब भगवान राम अयोध्या लौटे।
  2. दूसरी दिवाली तब जब प्रधानमंत्री मोदी ने जीविका दीदियों के खातों में ₹10,000 भेजे।
  3. तीसरी दिवाली तब जब जीएसटी में 350 वस्तुओं के दाम घटे।
  4. चौथी दिवाली तब जब बिहार में NDA 160 से अधिक सीटों पर जीत हासिल कर सरकार बनाएगा।

किशनगंज पर विशेष फोकस

शाह ने कहा कि 2020 विधानसभा चुनाव में भाजपा सभी जिलों में नंबर वन रही थी, केवल किशनगंज अपवाद रहा। इस बार उन्होंने दावा किया कि किशनगंज में भी जीत सुनिश्चित होगी।

राहुल गांधी पर हमला

शाह ने राहुल गांधी पर सीधा हमला करते हुए कहा कि वे घुसपैठियों को वोट का अधिकार देना चाहते हैं। उन्होंने कहा – “सीमांचल वालों, बताओ घुसपैठियों को वोट का अधिकार मिलना चाहिए क्या? राहुल बाबा कान खोलकर सुन लो, बिहार और देश से घुसपैठियों को चुन-चुनकर बाहर निकालेंगे।”

बिहार में विकास कार्यों का जिक्र

गृहमंत्री ने बिहार में NDA सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा –

  • पीएम मोदी ने पूर्णिया से मखाना बोर्ड की घोषणा की।
  • भागलपुर में विद्युत संयंत्र और पूर्णिया में एयरपोर्ट दिया गया।
  • बिहटा सहित 6 नए एयरपोर्ट बनाए जाएंगे।
  • कोसी लिंक परियोजना से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों को राहत मिलेगी।
  • सामाजिक पेंशन ₹400 से बढ़ाकर ₹1100 की गई है।