बिहार विस चुनाव को लेकर भाजपा ने जारी किया मेनिफेस्टो, 13 बड़े नेताओं को मिली जिम्मेदारी

डिजिटल डेस्क- बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारियों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने पूरी ताकत झोंक दी है। चुनाव की तारीखों का ऐलान भले ही अभी बाकी हो, लेकिन बीजेपी ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ी रणनीतिक चाल चल दी है। पार्टी ने रविवार को मेनिफेस्टो कमेटी और चुनाव अभियान समिति का गठन कर दिया। बीजेपी ने 13 सदस्यीय मेनिफेस्टो कमेटी बनाई है, जो आगामी चुनाव के लिए पार्टी की नीतियों और विजन को तैयार करेगी। पार्टी का कहना है कि यह समिति बिहार के लिए ठोस रोडमैप बनाएगी और जनता के बीच भरोसे के साथ पेश करेगी। इसमें प्रेम कुमार, मनन मिश्रा, भीम सिंह, ऋतुराज सिन्हा, निवेदिता सिंह, देवेश कुमार, सुरेश रुंगटा, गुरु प्रकाश पासवान, अमृता भूषण, संतोष पाठक, अजीत चौधरी, सीता सिन्हा और सुनील राम शामिल हैं।

45 सदस्यीय चुनाव अभियान समिति

इसके साथ ही बीजेपी ने 45 सदस्यीय चुनाव अभियान समिति भी गठित की है। इस समिति की कमान प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल के हाथों में होगी। पार्टी ने कहा कि समिति के गठन में सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन का विशेष ध्यान रखा गया है। इस समिति का मुख्य काम चुनाव प्रचार की रणनीति बनाना और उसे बूथ स्तर तक लागू करना होगा। इसके साथ ही प्रचार अभियान को धार देने के लिए केंद्रीय नेतृत्व से जुड़े बड़े नेता भी बिहार का दौरा करेंगे।

बड़े नामों की मौजूदगी

समिति में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा के अलावा केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, नित्यानंद राय, मंगल पांडेय, राधा मोहन सिंह, रविशंकर प्रसाद, अश्विनी चौबे, राजीव प्रताप रूड़ी जैसे दिग्गजों को जगह दी गई है।
इसके अलावा सतीश चंद्र दुबे, रेणु देवी, जनक राम, हरि सहनी, शाहनवाज हुसैन, रमा देवी, प्रदीप कुमार सिंह, जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, गोपालजी ठाकुर, विवेक ठाकुर, अशोक यादव और शंभू शरण पटेल भी इस सूची में शामिल हैं।

नए चेहरों को भी मिला मौका

बीजेपी ने इस बार नए चेहरों को भी प्रतिनिधित्व दिया है। इनमें कृष्ण कुमार ऋषि, धर्मशीला गुप्ता, अनिल शर्मा, कृष्ण कुमार मंटू, राम नारायण मंडल, राजेंद्र प्रसाद गुप्ता, वीरेंद्र चौधरी, अशोक अग्रवाल, हरि मांझी, लालमोहन गुप्ता, बेबी कुमारी, शीला प्रजापति, राजेंद्र चौपाल, यूपी शर्मा, उपेंद्र प्रसाद, राम कुमार राय, विश्वमोहन कुमार और तल्लु वासकी शामिल हैं।