बिहार चुनाव 2025: तेजस्वी यादव बने महागठबंधन के CM उम्मीदवार, मुकेश सहनी होंगे डिप्टी CM फेस, अशोक गहलोत ने किया ऐलान

KNEWS DESK – बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण से पहले महागठबंधन में जारी मतभेदों के बीच अब तस्वीर साफ हो गई है। पटना में हुई संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरजेडी नेता तेजस्वी यादव को आधिकारिक रूप से मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया गया है। कांग्रेस की ओर से वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने इस ऐलान के साथ गठबंधन में एकता का संदेश दिया।

महागठबंधन में सुलह का फार्मूला

बीते कुछ दिनों से सीटों के बंटवारे और नेतृत्व के मुद्दे पर महागठबंधन के भीतर मतभेद की खबरें सामने आ रही थीं। स्थिति को संभालने के लिए कांग्रेस नेतृत्व ने सीनियर नेता अशोक गहलोत को पटना भेजा। उन्होंने आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव, तेजस्वी यादव, और कांग्रेस के बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावरु से मुलाकात की। बातचीत के बाद गहलोत ने कहा, “बिहार में महागठबंधन पूरी तरह एकजुट है। हमने सबकी राय लेकर तय किया है कि तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे।”

सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस शुरू में तेजस्वी को सीएम फेस बनाने को लेकर सहमत नहीं थी, लेकिन कई दौर की बातचीत के बाद पार्टी ने इस पर सहमति जताई। वहीं, मुकेश सहनी को डिप्टी सीएम पद के उम्मीदवार के रूप में पेश किया गया है।

तेजस्वी यादव ने जताया भरोसा

तेजस्वी यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “हमारा मकसद बिहार को नई दिशा देना है। हम लालू जी, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और महागठबंधन के सभी साथियों का धन्यवाद करते हैं। जो विश्वास जनता ने हम पर जताया है, उस उम्मीद पर हम खरे उतरेंगे।” उन्होंने आगे कहा कि इस चुनाव में जनता महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर बदलाव का फैसला करेगी।

गहलोत ने कहा कि देश इस वक्त कठिन दौर से गुजर रहा है—बेरोजगारी बढ़ रही है और आम आदमी परेशान है। उन्होंने कहा, “यह वक्त एकता का है, बिहार में बदलाव की बयार चल रही है और महागठबंधन मजबूती से चुनावी मैदान में उतरेगा।”

सीटों के बंटवारे पर भी बनी सहमति

महागठबंधन के घटक दलों के बीच कुछ सीटों को लेकर विवाद चल रहा था। कांग्रेस और आरजेडी में छह, भाकपा और कांग्रेस में चार, जबकि वीआईपी और आरजेडी में दो सीटों पर टकराव की स्थिति बनी थी। गहलोत की पहल के बाद इन सीटों पर सहमति बन गई है, हालांकि आधिकारिक सूची जल्द जारी की जाएगी।

इधर, बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने महागठबंधन की एकजुटता पर सवाल उठाते हुए कहा, “ये लोग आपसी मतभेद छिपाने के लिए मंच साझा कर रहे हैं। जो लोग आपस में नहीं निभा सकते, वे बिहार कैसे चलाएंगे?”