बिहार चुनाव रिजल्ट 2025: मतगणना सुबह 8 बजे से होगी शुरू, ऐसे देखें हर सीट का अपडेट

KNEWS DESK – बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे और अंतिम चरण का मतदान 11 नवंबर को संपन्न हो गया। दूसरे चरण में 20 जिलों की 122 सीटों पर मतदान हुआ। इससे पहले पहले चरण में 121 सीटों पर वोटिंग हो चुकी थी। यानी कुल 243 विधानसभा सीटों पर जनता ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है।

एग्जिट पोल में फिर नीतीश सरकार की वापसी के संकेत

मतदान खत्म होने के बाद अब सबकी निगाहें एग्जिट पोल के नतीजों पर टिकी हुई थीं। अधिकांश एग्जिट पोल्स में यह अनुमान जताया गया है कि एनडीए (नीतीश कुमार गठबंधन) एक बार फिर सत्ता में वापसी कर सकता है, जबकि महागठबंधन को इस बार भी सत्ता से बाहर रहना पड़ सकता है। हालांकि, असली तस्वीर 14 नवंबर को मतगणना के बाद ही साफ होगी।

एनडीए खेमे में एग्जिट पोल के बाद उत्साह और उम्मीद की लहर है, वहीं महागठबंधन दलों को भरोसा है कि वास्तविक नतीजे उनके पक्ष में होंगे और वे सरकार बनाएंगे।

14 नवंबर को सुबह 8 बजे शुरू होगी मतगणना

मतगणना 14 नवंबर की सुबह 8 बजे से शुरू होगी। शुरुआती रुझान सुबह 8:30 बजे तक आने लगेंगे और दोपहर तक तस्वीर साफ होने की संभावना है। इस बार पोस्टल बैलेट की गिनती का पैटर्न बदला गया है, अब आखिरी दो राउंड की गिनती से पहले पोस्टल बैलेट की गणना की जाएगी। चुनाव आयोग के मुताबिक, शाम तक सभी 243 सीटों के अंतिम परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।

लाइव रिजल्ट देखने का तरीका

बिहार चुनाव के नतीजे चुनाव आयोग की वेबसाइट (results.eci.gov.in) और बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर लाइव देखे जा सकते हैं। इसके अलावा, टीवी9 भारतवर्ष समेत कई टीवी चैनल और डिजिटल प्लेटफॉर्म लगातार अपडेट देते रहेंगे।

अब तक का सबसे अधिक मतदान

इस बार बिहार में 66.91% मतदान दर्ज किया गया है, जो 1951 के बाद सबसे अधिक है।

  • पुरुष मतदाता: 62.8%
  • महिला मतदाता: 71.6%

चुनाव आयोग ने इसे “रिकॉर्ड तोड़ भागीदारी” बताया है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार, चुनाव आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी ने नियंत्रण केंद्र से वेबकास्टिंग के ज़रिए चुनाव की निगरानी की।

इस बार के चुनाव की पारदर्शिता और संगठन को देखने के लिए छह देशों — दक्षिण अफ्रीका, इंडोनेशिया, थाईलैंड, फिलीपींस, बेल्जियम और कोलंबिया से 16 प्रतिनिधि बिहार पहुंचे। उन्होंने इंटरनेशनल इलेक्शन विजिटर्स प्रोग्राम (IEVP) के तहत चुनाव प्रक्रिया का अवलोकन किया और इसे “दुनिया के सबसे पारदर्शी और कुशल चुनावों में से एक” बताया।