गाली प्रकरण में बंद हुआ बिहार, सड़कों पर उतरे विधायक और मंत्री, सड़कें दिखी सुनसान

डिजिटल डेस्क- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनकी मां के खिलाफ अभद्र भाषा विवाद ने बिहार की राजनीति में हलचल मचा दी है। इसी कड़ी में एनडीए महिला मोर्चा ने गुरुवार को प्रदेशव्यापी बिहार बंद का आह्वान किया। सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित इस बंद में आपातकालीन सेवाओं और रेल परिचालन को मुक्त रखा गया। इस बंद की बागडोर भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष धर्मशीला गुप्ता, जदयू महिला मोर्चा की भारती मेहता, लोजपा(रा) की शोभा सिन्हा, रालोमो की स्मृति कुशवाहा और हम महिला प्रकोष्ठ की स्मिता शर्मा ने संभाली। महिलाओं ने कहा कि “मां भगवान की प्रतिमूर्ति होती हैं, उन पर अभद्र टिप्पणी लोकतांत्रिक परंपरा का भी अपमान है।

बड़ी संख्या में सड़कों पर उतरे भाजपा कार्यकर्ता

खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता, जदयू विधायक राजकुमार सिंह और भाजपा जिला अध्यक्ष समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सड़क पर उतरे। बंद का व्यापक असर कई जिलों में देखने को मिला। एनडीए महिला मोर्चा ने महागठबंधन से घटना पर माफी की मांग करते हुए कहा कि “यह अहंकार का परिणाम है और बिहार को कलंकित करने वाला कृत्य है।”

केंदीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने साधा राहुल तेजस्वी पर हमला

भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा, “बहुत शर्मनाक मामला है। प्रधानमंत्री मोदी की दिवंगत माता को गालियां दी गई। अगर हमारा दूर का कार्यकर्ता भी ऐसा करता तो हम कार्रवाई करते, क्षमा मांगते। राहुल गांधी, तेजस्वी यादव ये आपके संस्कार हैं, ये आपकी बेशर्मी है। हम इसकी भर्त्सना करते हैं।

12 बजे तक वाहन न चलाने की अपील की

भाजपा की महिला प्रकोष्ठ ने पटना के बेली रोड स्थित आयकर गोलचक्कर के पास वाहनों की आवाजाही रोकने की कोशिश की। उन्होंने लोगों से प्रधानमंत्री की माँ के अपमान के विरोध में दोपहर 12:00 बजे तक वाहन न चलाने का अनुरोध किया। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की माँ का अपमान देश की सभी महिलाओं का अपमान है। इस बंद से एम्बुलेंस, दवाओं और दूध की आपूर्ति सहित सभी आवश्यक सेवाओं को मुक्त रखा गया है।