KNEWS DESK – बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण में मतदान जोरों पर है। राज्य के विभिन्न जिलों में सुबह से ही मतदाताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। चुनाव आयोग से मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर 3 बजे तक 53.77 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।
पहले चरण में 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर मतदान हो रहा है। इनमें बेगूसराय, लखीसराय, समस्तीपुर, पटना, शेखपुरा, मुंगेर और नालंदा जैसे जिले शामिल हैं।
बेगूसराय में सबसे अधिक 59.82% मतदान हुआ, जो पूरे चरण में शीर्ष पर है। यह जिला लगातार उच्च मतदान के लिए जाना जाता है।पटना में सबसे कम 48.69% दर्ज किया गया, लेकिन यह धीरे-धीरे बढ़ रहा है।
मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक जारी रहेगा। चुनाव आयोग ने सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए हैं। साथ ही, मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से चलाने के लिए पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बल और पोलिंग अधिकारी तैनात किए गए हैं।
पहले चरण में 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर मतदान के साथ ही कई सियासी दिग्गजों की किस्मत ईवीएम में बंद हो जाएगी। तेजस्वी यादव, तेज प्रताप यादव, अनंत सिंह, मैथिली ठाकुर और उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, डिप्टी सीएम विजय सिन्हा सहित नीतीश सरकार के 16 मंत्रियों की किस्मत का फैसला पहले चरण में होगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदान शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो रहा है। जहां-जहां तकनीकी दिक्कतें आईं, उन्हें तुरंत ठीक कर लिया गया। आयोग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे शाम तक मतदान केंद्रों पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग जरूर करें।